बच्ची की मौत के 2 साल बाद सामने आया सच: पिता निकला आरोपी, फॉरेंसिक रिपोर्ट से खुलासा
गुजरात के सूरत में 13 साल की बच्ची की मौत के करीब दो साल बाद फॉरेंसिक रिपोर्ट से मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, बच्ची की मौत वाले दिन उसके सौतेले पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में बच्ची के भाई ने 8 जून 2024 को सूरत पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि उसकी बहन की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उसे उल्टियां होने लगी थीं और मुंह से झाग निकल रहा था। परिजन उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कुछ देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्ची की मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आने पर पुलिस ने उसके आंतरिक अंगों के नमूने जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजे थे। करीब दो साल बाद आई रिपोर्ट में बच्ची के साथ मौत वाले दिन दुष्कर्म की पुष्टि हुई। जांच में उसके शरीर पर चोट और शारीरिक शोषण के संकेत भी मिले।
रिपोर्ट के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बच्ची का एक सौतेला पिता था, जो कथित तौर पर उसे पीटता था और नशे का आदी था। घर में अक्सर विवाद भी होता था।
पुलिस ने बच्ची के स्कूल और उन जगहों पर पूछताछ की, जहां वह साफ-सफाई का काम करती थी। जांच के दौरान पुलिस को यह जानकारी भी मिली कि बच्ची की मौत के समय घर में उसके साथ उसका सौतेला पिता मौजूद था।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसका DNA सैंपल लिया। FSL में मिले सैंपल से DNA का मिलान होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
NCRB के 2024 के आंकड़ों के अनुसार, POCSO के तहत दर्ज मामलों में करीब 38% मामलों में आरोपी पड़ोसी या रिश्तेदार होते हैं। यानी बच्चों के खिलाफ यौन अपराधों में कई बार आरोपी कोई परिचित व्यक्ति ही होता है।

