ट्रंप की यूरोप को चेतावनी, डिजिटल टैक्स लगाया तो लगेगा 100 प्रतिशत टैरिफ
नई दिल्ली, 26 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी दी। ट्रंप की यह चेतावनी उन संभावनाओं पर जारी की गई, जिसमें यूरोप के कई देशों की ओर से अमेरिकी कंपनियों पर डिजिटल सर्विसेज टैक्स लगाने की बातें सुनने में आ रही हैं।
ट्रंप ने कहा कि अगर किसी यूरोपीय देश ने अमेरिकी कंपनियों पर डिजिटल सर्विसेज टैक्स लगाया, तो उसके जवाब में अमेरिका उस देश से आने वाले सभी सामान पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगा देगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पोस्ट पर कहा, ''यूरोप के कई देश अमेरिकी कंपनियों पर जल्द ही डिजिटल सर्विसेज टैक्स लगाने पर चर्चा कर रहे हैं। इनमें से कुछ देश इसे लागू करने के बहुत करीब पहुंच चुके हैं।
कृपया इस बयान को आधिकारिक सूचना माना जाए कि जो भी देश ऐसा टैक्स लगाएगा, उसके जवाब में अमेरिका उस देश से आने वाले हर तरह के सामान पर तुरंत 100 प्रतिशत टैरिफ लगा देगा।
यह 100 प्रतिशत टैरिफ उस देश के साथ पहले से हुए, लागू किए गए या भविष्य के किसी भी व्यापार समझौते से ऊपर होगा। यानी चाहे कोई व्यापार समझौता लागू हो चुका हो, उस पर हस्ताक्षर हो चुके हों या अभी लागू होना बाकी हो, यह टैरिफ फिर भी लागू रहेगा।
अगर वे देश इस टैक्स को लागू करने का फैसला करते हैं, तो 100 प्रतिशत टैरिफ तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया जाएगा।
ट्रंप का 'टैरिफ जिन्न' पहले भी कई बार कई देशों के लिए परेशानी बना चुका है। ईरान के साथ युद्ध के दौरान भी ट्रंप ने टैरिफ को हथियार की तरह इस्तेमाल किया था। उस दौरान ट्रंप ने कई देशों को चेतावनी दी थी कि बिना किसी छूट के अमेरिका को निर्यात होने वाले सभी सामानों पर 50 प्रतिशत तक का भारी टैरिफ लगाया जाएगा।
उस दौरान युद्ध में ईरान को मात देने के लिए ट्रंप ने फरमान जारी किया था कि जो भी देश ईरान को सैन्य हथियार सप्लाई करेगा, अमेरिका को बेचे जाने वाले उसके सभी सामानों पर तत्काल प्रभाव से 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया जाएगा। इसमें कोई छूट या रियायत नहीं मिलेगी।
--आईएएनएस
एवाई/वीसी

