तृणमूल कांग्रेस से निलंबित रिजु दत्ता ने की पश्चिम बंगाल सरकार की तारीफ, बोले-जल्द दिखाई देगा विकास
कोलकाता, 12 जून (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस से निलंबित पूर्व प्रवक्ता रिजु दत्ता ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के कामों की तारीफ की है। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से काम कर रहे हैं। उनके विकास कार्यों की सराहना हो रही है। प्रदेश में उद्योग फिर से वापस आ रहे हैं। जल्द ही पश्चिम बंगाल में विकास दिखाई देने लगेगा।
रिजु दत्ता ने कहा, “ नई सरकार बनने के बाद बंगाल में काम हो रहा है। कोई यह नहीं कह सकता कि यहां काम नहीं हो रहा। अमूल निवेश कर रहा है। मुख्यमंत्री से लेकर उद्योग मंत्री तक सभी कह रहे हैं कि टाटा वापस आ रहा है। सभी रेलवे स्टेशनों की सफाई हो रही है। गंगा घाटों पर काम चल रहा है। नई सरकार है, हमें इसे थोड़ा समय देना होगा।”
टीएमसी के 20 में से 19 सांसदों के एनडीए को समर्थन देने की खबर पर रिजु दत्ता ने कहा कि सबको पता था कि ऐसा होने वाला है। इन सांसदों की रविवार को एक बड़ी बैठक होने वाली है, जिसमें पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी शामिल हो सकते हैं। सोमवार को ये सांसद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलकर उन्हें बताएंगे कि वे एक अलग गुट बना रहे हैं और राष्ट्रीय हित में एनडीए का समर्थन करेंगे।
अभिषेक बनर्जी को सीआईडी द्वारा बार-बार बुलाए जाने पर रिजु दत्ता ने कहा कि अब सीआईडी उन्हें रोज बुलाएगी। गुरुवार को उनसे छह घंटे तक पूछताछ की गई। इसके बाद रविवार को फिर बुलाया जा सकता है। यह सिलसिला जारी रह सकता है। पश्चिम बंगाल में जिसने भी गलत काम किया है, सब पर कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के कुछ अधिकारी भी इसमें शामिल हो सकते है। इसकी जांच करानी चाहिए, जिससे जल्द से जल्द आरोपियों पर कार्रवाई हो और जनता के सामने सच लाया जा सके।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी

