Samachar Nama
×

'टॉक्सिक' पब्लिक रिव्यू : फिल्म को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स, सुबह के शो में पहुंचीं हुमा कुरैशी

'टॉक्सिक' पब्लिक रिव्यू : फिल्म को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स, सुबह के शो में पहुंचीं हुमा कुरैशी
'टॉक्सिक' पब्लिक रिव्यू : फिल्म को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स, सुबह के शो में पहुंचीं हुमा कुरैशी

मुंबई, 26 अगस्त (आईएएनएस)। साउथ एक्टर यश स्टारर फिल्म 'टॉक्सिकः ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' बुधवार को सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो गई है। सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी क्रेज देखने को मिल रहा था, जिसका असर देखने के लिए अभिनेत्री हुमा कुरैशी सुबह के शो में सिनेमाघर में पहुंची।

शो खत्म होने के बाद अभिनेत्री ने आईएएनएस के साथ बातचीत में सभी से फिल्म को देखने की अपील भी की। उन्होंने कहा, "फिल्म को लेकर मैं, बहुत उत्साहित हूं, जिसकी वजह से मैं सुबह 7 बजे के शो में दर्शकों का रिएक्शन देखने के लिए आई थी।"

सिनेमाघरों में दर्शकों की भी भारी भीड़ देखने को मिली, जिसमें युवा ही ज्यादातर देखने को मिले। सिनेमाघरों से बाहर निकलने के बाद उन्होंने फाइट सीन्स की जमकर तारीफ की। साथ ही, यश के काम की जमकर सराहना की।

एक दर्शक ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा, "फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखने आए थे। फिल्म हम सभी को बहुत अच्छी लगी। मैं बस यही कहना चाहूंगा कि आज तक किसी को भी इतने एक्शन सीन कभी भी बॉलीवुड में देखने को नहीं मिले होंगे। फिल्म में बहुत सराहनीय काम किया गया है, प्रेजेंटेशन से लेकर निर्देशन सब कुछ अच्छा था।"

उन्होंने सभी एक्टर्स के काम की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "यश समेत सभी कलाकारों ने काम अच्छा किया है। आप शुरू के 5-10 मिनट बाद ही समझ जाओगे कि मूवी आपको कहां ले जाने वाली है। हालांकि, फर्स्ट हाफ ज्यादा मजेदार है।"

एक और दर्शक ने यश के अभिनय की प्रशंसा करते कहा, "यश की एक्टिंग बहुत मजेदार है। फिल्म में सभी अभिनेत्रियों ने अच्छा काम किया है। इसके एक्शन सीन्स शानदार थे।"

एक दर्शक ने यश की तारीफ करते हुए कहा कि फिल्म तो काबिले तारीफ थी, लेकिन मुझे यश का काम भी काफी पसंद आया। मैं यश का फैन हूं।

एक लड़की ने फिल्म की तारीफ करते हुए कहा, "फिल्म बहुत शानदार थी। यश समेत सभी कलाकारों ने शानदार अभिनय किया है। फर्स्ट हाफ ज्यादा मजेदार था।"

एक दर्शक को कियारा आडवाणी का काम काफी पसंद आया। उन्होंने कहा, "फिल्म बहुत शानदार थी यश ने बहुत अच्छा काम किया था, लेकिन मुझे कियारा आडवाणी का काम बहुत अच्छा लगा।"

एक अन्य दर्शक ने कहा, "फिल्म अच्छी है, हां थोड़ी सी जटिल है अगर कोई इसे अच्छे से देखेगा तो समझ में आएगी। मुझे सेकंड हाफ ज्यादा अच्छा लगा था। फर्स्ट हाफ समझना थोड़ा मुश्किल था।"

--आईएएनएस

एनएस/एएस

Share this story