Samachar Nama
×

टूथपेस्ट, साबुन और शैंपू के पैकेट पर अब लगाना होगा हरा या लाल-भूरा डॉट, फुटेज में देंखे सरकार ने बदले नियम

टूथपेस्ट, साबुन और शैंपू के पैकेट पर अब लगाना होगा हरा या लाल-भूरा डॉट, फुटेज में देंखे सरकार ने बदले नियम

केंद्र सरकार ने टूथपेस्ट, साबुन, शैंपू, कॉस्मेटिक्स और अन्य टॉयलेटरीज के पैकेट पर उत्पाद की सामग्री की प्रकृति बताने के लिए हरे या लाल/भूरे रंग का बिंदु लगाना अनिवार्य कर दिया है। नए नियमों के तहत शाकाहारी सामग्री से बने उत्पादों पर हरा बिंदु, जबकि मांसाहारी सामग्री वाले उत्पादों पर लाल या भूरा बिंदु लगाया जाएगा।सरकार ने लीगल मेट्रोलॉजी (पैकेज्ड कमोडिटीज) नियम, 2011 में संशोधन करते हुए यह प्रावधान किया है। 21 सितंबर को इसकी अधिसूचना जारी होने के साथ ही संशोधित नियम प्रभावी हो गए हैं।

पैकेट के ऊपरी हिस्से में होगा निशान

नए नियमों के अनुसार, हरा या लाल/भूरा बिंदु पैकेट के मुख्य डिस्प्ले पैनल के ऊपरी हिस्से में लगाया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्राहकों को उत्पाद की सामग्री की प्रकृति के बारे में आसानी से जानकारी देना है।शाकाहारी सामग्री वाले उत्पाद पर हरे रंग का बिंदु होगा, जबकि जिन उत्पादों में मांसाहारी स्रोत से प्राप्त सामग्री का इस्तेमाल किया गया है, उन पर लाल या भूरा बिंदु लगाया जाएगा।

नाम से नहीं पता चलती हर सामग्री की प्रकृति

कॉस्मेटिक्स और टॉयलेटरी उत्पादों में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्रियों के नाम से यह स्पष्ट नहीं होता कि वे पौधों से प्राप्त हैं या पशु स्रोत से।नारियल, जैतून, एलोवेरा और शीया बटर जैसी सामग्री पौधों से प्राप्त होती हैं। वहीं लैनोलिन भेड़ की ऊन से प्राप्त होता है और कोलेजन तथा जिलेटिन पशु स्रोतों से मिल सकते हैं।इसी तरह ग्लिसरीन, स्टीयरिक एसिड और फैटी एसिड जैसी कुछ सामग्री पौधों के साथ-साथ पशु वसा से भी बनाई जा सकती हैं। ऐसे में केवल सामग्री का नाम देखकर उसकी मूल प्रकृति समझना मुश्किल हो सकता है।

छोटे पैकेट पर भी काम आएगा डॉट

नए नियमों से छोटे पैकेट खरीदने वाले ग्राहकों को भी जानकारी मिलने की उम्मीद है। 60 मिलीलीटर तक के तरल और 30 ग्राम तक के ठोस पैक पर कई मामलों में सभी घटकों की जानकारी देना संभव नहीं होता।ऐसे पैकेट पर हरा या लाल/भूरा बिंदु उत्पाद की सामग्री की प्रकृति के बारे में एक नजर में जानकारी देने में मदद करेगा। इससे ग्राहक अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार उत्पाद का चयन कर सकेंगे।

Share this story

Tags