Samachar Nama
×

दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन एक सुनियोजित, भारत-विरोधी साजिश और टूलकिट एजेंडा थाः सी.टी. रवि

दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन एक सुनियोजित, भारत-विरोधी साजिश और टूलकिट एजेंडा थाः सी.टी. रवि
दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन एक सुनियोजित, भारत-विरोधी साजिश और टूलकिट एजेंडा थाः सी.टी. रवि

बेंगलुरू, 21 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा एमएलसी सी.टी. रवि ने दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन को टूलकिट राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने दावा किया कि यह एक सुनियोजित, भारत-विरोधी साजिश और 'टूलकिट' एजेंडा था।

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन पर सी.टी. रवि ने मीडिया से बातचीत में कहा कि युवाओं के नाम पर कुछ लोगों ने हंगामा करने की कोशिश की। लोकतंत्र में शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने के लिए मौका दिया जाता है, जो दिया गया था। इसके बावजूद लोगों ने संसद का घेराव करने की कोशिश की। नीट को लेकर विरोध प्रदर्शन ठीक था, लेकिन जंतर-मंतर से धारा 370 दोबारा लागू करने और सीएए को लेकर बात कही, जो छात्रों का मुद्दा नहीं है। टूलकिट गैंग युवाओं का इस्तेमाल करके लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। पुलिस पर पथराव किया गया, जो गलत है। यह टूलकिट गैंग का प्रदर्शन है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जब पेपर लीक होता था, तब भी कोई मंत्री इस्तीफा नहीं देता था। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले देश में 51 हजार एमबीबीएस सीटें थीं, जो अब 1 लाख 36 हजार हो गई हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में 370 से अधिक नए मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं। कुछ लोगों ने सरकार को बदनाम करने के लिए पेपर लीक किया। दूसरी बार जब परीक्षा हुई, तो व्यवस्था इतनी दुरुस्त की गई कि कोई पेपर लीक नहीं कर पाया।

भाजपा एमलसी ने एक्स पर लिखा, "दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन के नाम पर जो कुछ हुआ, वह निश्चित रूप से छात्रों का प्रदर्शन नहीं था। यह एक सुनियोजित, भारत-विरोधी साजिश और 'टूलकिट' एजेंडा था। छात्रों की आड़ में छिपे माओवादी, वामपंथी और राष्ट्रविरोधी तत्व निस्संदेह 'डीप स्टेट' द्वारा प्रायोजित समूह हैं, इसमें कोई शक नहीं है। उनका मकसद भारत में अराजकता फैलाना और सरकार को गिराना है। लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार और प्रधानमंत्री मोदी को सत्ता से हटाने की यह राष्ट्र-विरोधी साजिश अब देश के सामने बेनकाब हो चुकी है। विदेशी पैसे के दम पर भारत में अराजकता फैलाने की ऐसी कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी।"

--आईएएनएस

ओपी/वीसी

Share this story