टॉम मूडी को कुलदीप से दमदार प्रदर्शन की आस, एलएसजी के नए कप्तान को लेकर सस्पेंस बरकरार
नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। ऋषभ पंत के जाने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने अभी तक अपने नए कप्तान की घोषणा नहीं की है। टीम के ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी का कहना है कि जिसे भी यह जिम्मेदारी मिलेगी, उसे भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों के एक बड़े समूह का पूरा समर्थन मिलेगा।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 खत्म होने के तुरंत बाद ऋषभ पंत एलएसजी से वापस दिल्ली कैपिटल्स में लौट गए, जबकि कुलदीप यादव दिल्ली कैपिटल्स से लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हुए हैं। मूडी ने जियोस्टार से कहा, "हमें एक फ्रेंचाइजी के तौर पर अपनी स्थिति के बारे में गंभीरता से सोचना था। हम मेगा ऑक्शन से पहले वाले साइकिल के आखिरी साल में हैं और हमारी टीम में कुछ कमियां थीं जिन्हें दूर करना जरूरी था।"
उन्होंने आगे कहा, "ऑफ-सीजन के दौरान हमने कुछ ऐसे ट्रेड (खिलाड़ियों का आदान-प्रदान) किए हैं जिनसे हम बहुत खुश हैं। ऋषभ पंत वापस दिल्ली चले गए, और कुलदीप यादव को टीम में लाना हमारे लिए एक बहुत महत्वपूर्ण ट्रेड था। वह लखनऊ के इकाना स्टेडियम की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं, जो हमारा होम ग्राउंड है। चूंकि कुलदीप खुद उत्तर प्रदेश से हैं, इसलिए उन्हें अपने घरेलू माहौल में खेलने में काफी मजा आएगा। लखनऊ का मैदान काफी बड़ा भी है। पहले हमें बीच के ओवरों में विकेट लेने में काफी परेशानी होती थी, इसलिए हमें उम्मीद है कि कुलदीप इस मामले में हमारी मदद करेंगे।"
कप्तानी को लेकर मूडी ने किसी एक नाम को पक्के दावेदार के तौर पर नहीं बताया। हालांकि, उन्होंने कुछ संभावित खिलाड़ियों के नाम जरूर लिए, जिनमें मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन और टीम में नए शामिल हुए सैम करन शामिल हैं। उन्होंने कहा, “हमारे पास मिचेल मार्श और एडेन मार्करम जैसे बेहतरीन लीडर हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कप्तानी करने का अनुभव है। निकोलस पूरन ने भी दुनिया भर में फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कप्तानी की है। मगर नेतृत्व सिर्फ एक टैग या नाम के आगे 'सी' (कप्तान) लिख देने भर की बात नहीं है। मुझे उम्मीद है कि ये खिलाड़ी, और साथ ही सैम करन—जिनमें स्वाभाविक रूप से लीडरशिप के गुण हैं और जो पहले पंजाब किंग्स की कप्तानी कर चुके हैं—हमारी टीम में लीडरशिप के मजबूत स्तंभ बनेंगे।"
“मैदान पर आप जिस तरह का खेल दिखाते हैं और जिस निरंतरता की तलाश करते हैं, उसे हासिल करने के लिए पूरी टीम के योगदान की जरूरत होती है। एक बार जब कप्तान चुन लिया जाता है, तो यह सिर्फ उसी की जिम्मेदारी नहीं रह जाती, यह सबकी सामूहिक जिम्मेदारी होती है। हमारी टीम में कुछ भारतीय खिलाड़ी भी हैं, जिनसे हमें लीडरशिप की उम्मीद है। उदाहरण के लिए आयुष बदोनी ने दिल्ली के लिए कप्तानी करना शुरू कर दिया है और उनमें लीडरशिप के प्रति दिलचस्पी बढ़ रही है। एक घरेलू खिलाड़ी के तौर पर उनकी जिम्मेदारी है कि वह अक्षत रघुवंशी, अब्दुल समद और मुकुल चौधरी जैसे युवा बल्लेबाजों का मार्गदर्शन करें और उन्हें रास्ता दिखाएं।"
टॉम मूडी ने आगे कहा, "प्रिंस यादव ने अभी-अभी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कदम रखा है, इसलिए उन्हें अलग-अलग तरह के अनुभव मिल रहे हैं। मोहम्मद शमी के राजस्थान चले जाने के बाद अब प्रिंस, मोहसिन और मयंक को आगे आना होगा और जिम्मेदारी उठानी होगी। लीडरशिप कल्चर बनाने में हर किसी की भूमिका होती है, और जो भी इसे अपनी तरह से ढालना चाहे, उसके लिए दरवाजे पूरी तरह खुले हैं।"
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

