टॉम बैंटन का शतक, रूट, कॉक्स और जैक्स की फिफ्टी, इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 356 रन का लक्ष्य
एडिलेड, 15 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड ने एडिलेड ओवल में खेले जा रहे दूसरे वनडे में पहले बल्लेबाजी करते हुए टॉम बैंटन के शतक और जो रूट, जॉर्डन कॉक्स और विल जैक्स की अर्धशतकीय पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 356 रन का लक्ष्य दिया है।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। 19 के स्कोर पर टीम बेन डकेट के रूप में पहला झटका लगा। डकेट 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद टॉम बैंटन और जो रूट ने दूसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी की। रूट दूसरे विकेट के रूप में 68 गेंदों पर 62 रन की पारी खेलकर आउट हुए। कप्तान हैरी ब्रूक का बल्ला नहीं चला। वह महज 5 रन बना सके।
टॉम बैंटन ने शतक लगाया। बैंटन ने 99 गेंदों पर 4 छक्कों और 12 चौके की मदद से 121 रन की पारी खेली। वह चौथे विकेट के रूप में 212 के स्कोर पर आउट हुए। इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स और विल जैक्स ने पांचवें विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया। कॉक्स ने 49 गेंदों पर 1 छक्का और 6 चौके की मदद से 67 रन की पारी खेली। विल जैक्स ने 40 गेंदों पर नाबाद 54 रन बनाकर टीम का स्कोर 50 ओवर में 6 विकेट पर 355 तक पहुंचाया। सैम करन 9 गेंद पर 14 रन बनाकर आउट हुए, जबकि गस एटकिंसन 4 गेंदों पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे।
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जेवियर बार्टलेट ने 10 ओवर में 72 रन देकर 3 विकेट लिए। स्पेंसर जॉनसन, रिले मेरेडिथ और कूपर कोनोली को 1-1 विकेट मिला।
356 रन का लक्ष्य हासिल करने के लिए ऑस्ट्रेलिया को मजबूत ओपनिंग साझेदारी की जरूरत होगी।
3 वनडे मैचों की सीरीज का पहला मैच जीत ऑस्ट्रेलिया सीरीज में 1-0 से आगे चल रही है। इंग्लैंड के जीतने की स्थिति में ये आंकड़ा 1-1 हो जाएगा।
--आईएएनएस
पीएके

