Samachar Nama
×

टीएमसी पर राहुल सिन्हा का तंज, कहा- पिछली सरकारों में अपराधियों का केंद्र बन गया था बंगाल

टीएमसी पर राहुल सिन्हा का तंज, कहा- पिछली सरकारों में अपराधियों का केंद्र बन गया था बंगाल
टीएमसी पर राहुल सिन्हा का तंज, कहा- पिछली सरकारों में अपराधियों का केंद्र बन गया था बंगाल

कोलकाता, 11 जुलाई (आईएएनएस)। कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद राहुल सिन्हा ने पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य योजनाओं और कथित भ्रष्टाचार को लेकर पिछली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य पश्चिम बंगाल को अपराध, हिंसा और असामाजिक गतिविधियों से मुक्त कर शांति एवं विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाना है।

भाजपा के सांसद राहुल सिन्हा ने प्रस्तावित पश्चिम बंगाल पब्लिक सेफ्टी एंड कंट्रोल ऑफ एंटी-सोशल एक्टिविटीज बिल का समर्थन करते हुए दावा किया कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान राज्य अराजकता और अपराध का केंद्र बन गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विदेशी आतंकवादी और आपराधिक तत्व सक्रिय रहे हैं। इस कानून के माध्यम से अपराध, हिंसा और आतंकवाद की जड़ों पर प्रहार किया जाएगा तथा राज्य में कानून का राज स्थापित किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल शांति और विकास के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के बारुईपुर दौरे पर राहुल सिन्हा ने कहा कि संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों से मिलना मानवता का परिचायक है। जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर भाजपा मानवीय मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दिखा रही है।

आयुष्मान भारत योजना को लेकर राहुल सिन्हा ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग लंबे समय तक इस योजना के लाभ से वंचित रहे, जबकि देश के अन्य राज्यों में नागरिक इसका लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि हर व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों और पहले की सरकार को भी इस योजना को प्रभावी ढंग से लागू करना चाहिए, ताकि किसी भी जरूरतमंद को इलाज से वंचित न रहना पड़े। लेकिन अब इसे लागू कर दिया गया है।

भाजपा सांसद ने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने पार्टी के नाम पर बड़ी मात्रा में काला धन छिपाकर रखा है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस कथित काले धन का और खुलासा होगा। अभी जितने रुपयों की चर्चा हो रही है, वास्तविक आंकड़ा उससे कहीं अधिक हो सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान प्रयासों के कारण राज्य में अपराध पर नियंत्रण की दिशा में सुधार दिखाई दे रहा है। उनका दावा था कि अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाकर पश्चिम बंगाल के विकास को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।

--आईएएनएस

एसएके/डीएससी

Share this story

Tags