बंगाल चुनाव : दूसरे चरण में सीएम ममता समेत इन 40 स्टार प्रचारकों के साथ उतरेगी टीएमसी
कोलकाता, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा के आगामी आम चुनाव 2026 के द्वितीय चरण के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची चुनाव आयोग को सौंप दी है। इस सूची में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत पार्टी के तमाम दिग्गज नेता और प्रभावशाली चेहरे शामिल हैं।
पार्टी के उपाध्यक्ष सुब्रत बख्शी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पश्चिम बंगाल को भेजे गए पत्र में द्वितीय चरण के लिए स्टार प्रचारकों की सूची संलग्न की गई है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में, प्रथम चरण 23 अप्रैल और द्वितीय चरण 29 अप्रैल को, होने हैं। वहीं, वोटों की गिनती 4 मई को होगी।
टीएमसी द्वारा जारी सूची में सीएम ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, सुब्रत बख्शी, चंद्रिमा भट्टाचार्य, फिरहाद हकीम, अरूप विश्वास, कल्याण बनर्जी, डॉ. मानस रंजन भुंइया, डॉ. शशि पांजा, ब्रत्य बसु, बिरबाहा हांसदा, शत्रुघ्न सिन्हा, जय प्रकाश मजूमदार, कुणाल घोष, दीपक अधिकारी (देव), महुआ मोइत्रा, कीर्ति आजाद, सताब्दी रॉय, पार्थ भौमिक और सायोनी घोष के नाम है।
इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण नाम भी सूची में शामिल किए गए हैं, जिनमें जून मालिया, यूसुफ पठान, रचना बनर्जी, अदिति मुंशी, डॉ. तापस मंडल, विवेक गुप्ता, प्रतिमा मंडल, बाबुल सुप्रियो, ममता ठाकुर, कोयल मल्लिक, प्रकाश चिक बड़ाईक, नुसरत जहां, सौरव चंदर, राज चक्रवर्ती, मोसरफ हुसैन, अणुब्रत मंडल, प्रतीक उर रहमान, ज्योत्सना मंडी, सायंतिका बनर्जी और श्रीकांत महतो शामिल हैं।
यह सूची पार्टी की चुनावी रणनीति को मजबूत बनाने का हिस्सा है। तृणमूल कांग्रेस इन स्टार प्रचारकों के माध्यम से द्वितीय चरण की 142 विधानसभा सीटों पर जोरदार प्रचार अभियान चलाएगी। सूची में पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, फिल्मी हस्तियां और युवा चेहरों का समावेश है, जो विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी की पहुंच बढ़ाने में मदद करेंगे।
ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पार्टी की मुख्य प्रचारक बनी हुई हैं। वहीं, शत्रुघ्न सिन्हा, दीपक अधिकारी (देव), महुआ मोइत्रा, बाबुल सुप्रियो और नुसरत जहां जैसे चेहरे पार्टी के लिए अतिरिक्त आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं।
--आईएएनएस
एससीएच

