Samachar Nama
×

टॉयलेट में मिला ‘बम’ लिखा टिश्यू, मचा हड़कंप; फुटेज में देंखे दम्माम-दिल्ली एअर इंडिया फ्लाइट की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग

टॉयलेट में मिला ‘बम’ लिखा टिश्यू, मचा हड़कंप; फुटेज में देंखे दम्माम-दिल्ली एअर इंडिया फ्लाइट की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग

सऊदी अरब के दम्माम से नई दिल्ली जा रही एअर इंडिया की एक फ्लाइट में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान के टॉयलेट में ‘बम’ लिखा हुआ एक टिश्यू पेपर मिला। धमकी भरा नोट मिलने के बाद पायलट ने तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और विमान को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतारने की अनुमति मांगी। इसके बाद विमान की अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

टॉयलेट में मिला धमकी भरा नोट

जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया की यह फ्लाइट दम्माम से नई दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान एक क्रू मेंबर को विमान के टॉयलेट में एक टिश्यू पेपर दिखाई दिया। इस पर अंग्रेजी में ‘बम’ लिखा हुआ था। टिश्यू पर लिखे इस शब्द को गंभीरता से लेते हुए क्रू मेंबर ने तत्काल इसकी जानकारी पायलट को दी।धमकी की सूचना मिलते ही पायलट ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया। चूंकि अहमदाबाद एयरपोर्ट विमान की स्थिति के लिहाज से नजदीक था, इसलिए फ्लाइट को दिल्ली की बजाय अहमदाबाद की ओर मोड़ने का फैसला किया गया। पायलट ने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।

एयरपोर्ट पर तुरंत एक्टिव की गईं इमरजेंसी सेवाएं

विमान से संबंधित संदेश मिलते ही अहमदाबाद एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अलर्ट कर दिया। सभी जरूरी इमरजेंसी सेवाओं को सक्रिय किया गया और विमान के उतरने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए।विमान के अहमदाबाद रनवे पर सुरक्षित लैंड करते ही उसे आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच की प्रक्रिया शुरू की। विमान में मौजूद सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उतारा गया और एयरपोर्ट बस के जरिए टर्मिनल तक पहुंचाया गया।

यात्रियों के सामान की भी हुई जांच

सुरक्षा एजेंसियों ने विमान के अंदर जांच करने के साथ यात्रियों के सामान को भी अलग रखकर उसकी जांच की। विमान और सामान की तलाशी के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।हालांकि, विमान में किसी विस्फोटक सामग्री के नहीं मिलने के बावजूद धमकी भरे संदेश को लेकर जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि टॉयलेट में ‘बम’ लिखे टिश्यू को किसने छोड़ा और इसके पीछे उसका क्या मकसद था।

धमकी को लेकर जांच जारी

एयरपोर्ट और सुरक्षा एजेंसियां अब विमान में सवार यात्रियों और क्रू मेंबर्स से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही हैं। धमकी वास्तविक थी या किसी ने महज दहशत फैलाने के लिए यह नोट छोड़ा था, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।फिलहाल विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित बताया गया है। सुरक्षा एजेंसियां मामले के हर पहलू की जांच कर रही हैं और धमकी भरे नोट के स्रोत का पता लगाने का प्रयास जारी है।

Share this story

Tags