टीआईएसएस भर्ती 2026: प्रोफेसर सहित कई पदों पर नियुक्ति का सुनहरा मौका, पात्र कैंडिडेट 3 नवंबर तक करें आवेदन
मुंबई, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिक्षण क्षेत्र से जुड़े जो लोग देश के किसी प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान में नौकरी करने की इच्छा रखते हैं, उनके लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (टीआईएसएस) ने अलग-अलग स्कूल/कैंपस में प्रोफेसर सहित विभिन्न नौ पदों पर रिक्तियों की घोषणा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके की है।
टीआईएसएस की ओर से जारी 9 रिक्तियों में प्रोफेसर (सोशल वर्क) - तुलजापुर कैंपस का 1 (ओबीसी), प्रोफेसर (स्टैटिस्टिक्स) - हैदराबाद कैंपस का 1 (एससी), एसोसिएट प्रोफेसर (सोशल वर्क) - तुलजापुर कैंपस का 1 (एसटी), एसोसिएट प्रोफेसर (डेवलपमेंट स्टडीज/सोशल साइंस) - तुलजापुर कैंपस का 1 (एसटी), एसोसिएट प्रोफेसर (स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज) - गुवाहाटी कैंपस का 1 (ओबीसी), असिस्टेंट प्रोफेसर (सोशल साइंसेज) - तुलजापुर कैंपस का 1 (सामान्य), असिस्टेंट प्रोफेसर (सोशियोलॉजी) - तुलजापुर कैंपस का 1 (ओबीसी), असिस्टेंट प्रोफेसर (सेंटर फॉर अंडर ग्रेजुएट स्टडीज) - गुवाहाटी कैंपस का 1 (सामान्य) और असिस्टेंट प्रोफेसर (स्कूल ऑफ सोशल वर्क) - गुवाहाटी कैंपस का 1 (सामान्य) पद शामिल हैं।
प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 3 नवंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे टीआईएसएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विभाग के अनुसार प्रोफेसर के लिए पीएचडी के साथ ही 10 वर्ष का टीचिंग/रिसर्च अनुभव और 10 रिसर्च पब्लिकेशन, एसोसिएट प्रोफेसर के लिए पीएचडी के साथ ही मास्टर्स में 55 प्रतिशत अंक और 8 वर्ष का अनुभव, 7 पब्लिकेशन एवं रिसर्च स्कोर 75 होना चाहिए। वहीं, असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए यूजीसी रेगुलेशन 2018 के अनुसार, 55 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर्स डिग्री और नेट/पीएचडी होनी चाहिए।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल के लिए 2,000 रुपए, ओबीसी/ईडब्ल्यूएस और महिला उम्मीदवारों के लिए 1,500 रुपए, एससी/एसटी के लिए 1,000 रुपए और पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी के लिए 500 रुपए तय किया गया है।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट की सैलरी प्रोफेसर के लिए एकेडमिक पे-लेवल 14, एसोसिएट प्रोफेसर के लिए एकेडमिक पे-लेवल 13ए और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए एकेडमिक पे-लेवल 10 के तहत होगी।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम

