Samachar Nama
×

Tirupati Temple: भगवान वेंकटेश्वर को भक्त ने चढ़ाया 121 किलो सोना, कीमत ₹208 करोड़; बताया जा रहा अब तक का सबसे बड़ा दान

Tirupati Temple: भगवान वेंकटेश्वर को भक्त ने चढ़ाया 121 किलो सोना, कीमत ₹208 करोड़; बताया जा रहा अब तक का सबसे बड़ा दान

आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर में एक भक्त ने ऐसा चढ़ावा चढ़ाया है, जिसकी चर्चा देशभर में हो रही है। चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने गुरुवार को भगवान वेंकटेश्वर को 121 किलो सोने के आभूषण दान किए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 208 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

यह दान मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में मंदिर को सौंपा गया। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के मुताबिक, किसी एक भक्त की ओर से भगवान वेंकटेश्वर को दिया गया यह अब तक का सबसे बड़ा चढ़ावा है।

45 आभूषणों में शामिल हैं 238.2 कैरेट के हीरे

वर्धमान जैन और उनकी पत्नी की ओर से दिए गए चढ़ावे में नौ सेटों में रखे 45 आभूषण शामिल हैं। इन आभूषणों में 238.2 कैरेट के हीरे भी जड़े हुए हैं।

दंपती ने भगवान वेंकटेश्वर के लिए विशेष मुकुट और पैरों के आभूषण भी भेंट किए। सोने और हीरों से तैयार इन आभूषणों की कुल कीमत लगभग 208 करोड़ रुपये आंकी गई है।

कंपनी में हिस्सेदारी बेचकर हासिल किए थे 6,000 करोड़ रुपये

वर्धमान जैन चेन्नई की कंपनी 'वारा फ्यूचर एलएलपी' के चेयरमैन हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कंपनी में अपनी 60 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचकर करीब 6,000 करोड़ रुपये हासिल किए थे। इसी रकम में से उन्होंने भगवान श्री वेंकटेश्वर के लिए सोने के आभूषण तैयार करवाकर दान किए।

वर्धमान जैन इससे पहले भी धार्मिक और सामाजिक कार्यों के लिए बड़े दान दे चुके हैं।

पहले भी कर चुके हैं करोड़ों रुपये का दान

वर्धमान जैन के पिछले दान की बात करें तो:

  • 2024: चेन्नई के एक मंदिर के विस्तार के लिए 1 करोड़ रुपये दिए।
  • नवंबर 2024: TTD के अन्न प्रसादम ट्रस्ट और प्राणदानम ट्रस्ट को 1.01-1.01 करोड़ रुपये दान किए।
  • 2025: SV भक्ति चैनल को 5 करोड़ रुपये और गौ-संरक्षण के लिए 1 करोड़ रुपये दिए।
  • मई 2026: तिरुपति मंदिर के लिए एक इलेक्ट्रिक बस दान करने की घोषणा की।

तिरुपति बालाजी मंदिर से जुड़ी खास मान्यताएं

तिरुपति बालाजी मंदिर देश के सबसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। मंदिर से जुड़ी कई ऐसी परंपराएं और मान्यताएं हैं, जो इसे खास बनाती हैं।

बाल दान की परंपरा: मंदिर में श्रद्धालु अपने बाल दान करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भक्त अहंकार और बुराइयों का त्याग करने के प्रतीक के रूप में अपने बाल भगवान को अर्पित करते हैं।

सात पहाड़ियों पर स्थित है मंदिर: मान्यता है कि तिरुमला मंदिर मेरु पर्वत की सात चोटियों पर स्थित है। इन्हें शेषाद्रि, नीलाद्रि, गरुड़ाद्रि, अंजनाद्रि, वृषटाद्रि, नारायणाद्रि और वेंकटाद्रि कहा जाता है। वेंकटाद्रि पहाड़ी पर भगवान विष्णु वेंकटेश्वर स्वरूप में विराजमान हैं।

शुक्रवार को विशेष अभिषेक: मंदिर में भगवान बालाजी की नियमित पूजा और दर्शन की अलग-अलग व्यवस्थाएं हैं। शुक्रवार को सुबह होने वाले अभिषेक के दौरान भगवान की प्रतिमा के विशेष दर्शन का अवसर मिलता है।

रामानुजाचार्य से जुड़ी मान्यता: तिरुपति मंदिर का संबंध संत रामानुजाचार्य से भी जोड़ा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, उन्हें यहां भगवान विष्णु के साक्षात दर्शन हुए थे।

श्रद्धालुओं के लिए आस्था का बड़ा केंद्र

तिरुपति बालाजी मंदिर सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि अपनी परंपराओं और विशाल चढ़ावे के लिए भी जाना जाता है। वर्धमान जैन और उनकी पत्नी की ओर से दिया गया 121 किलो सोने का दान इसी परंपरा का एक बड़ा उदाहरण है।

Share this story

Tags