सलमान खान की तारीफ करने पर टाइगर श्रॉफ बने निशाना? फायरिंग मामले में पूछताछ के दौरान बड़ा दावा
अभिनेता टाइगर श्रॉफ की BMW कार पर हुई फायरिंग के मामले में जांच के दौरान एक नया दावा सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से एक ने पूछताछ में कथित तौर पर कहा कि साल 2022 में सलमान खान की तारीफ करने वाला टाइगर श्रॉफ का बयान उन्हें निशाना बनाने की वजहों में से एक हो सकता है। हालांकि, पुलिस इस दावे की जांच कर रही है और इसे अभी हमले की अंतिम वजह नहीं माना गया है।
टाइगर श्रॉफ की कार पर चली थीं सात गोलियां
रिपोर्ट के अनुसार, 18 अक्टूबर को जुहू के एक मैदान में फुटबॉल खेलने के बाद लौट रहे टाइगर श्रॉफ की BMW कार पर दो हमलावरों ने सात राउंड फायरिंग की थी। इसके बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ बाइक पर फरार हो गए। घटना में अभिनेता के ड्राइवर और एक राहगीर के घायल होने की खबर सामने आई थी।
हमले के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक सदस्य ने कथित तौर पर इसकी जिम्मेदारी ली थी। इसके अगले दिन पुलिस ने आरोपियों को कोटा रेलवे स्टेशन पर पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से गिरफ्तार किया।
सलमान खान की तारीफ से जुड़ा क्या है मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, पूछताछ में एक आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि 2022 में एक फिल्म प्रमोशन कार्यक्रम के दौरान टाइगर श्रॉफ ने सलमान खान की तारीफ करते हुए कहा था कि फिल्म इंडस्ट्री में असली 'टाइगर' सलमान खान हैं।
जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी ने इस बयान को टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाए जाने की संभावित वजहों में से एक बताया। हालांकि, पुलिस इस दावे की पुष्टि करने और हमले के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।
सोशल मीडिया और फोन कॉल से मिले अहम सुराग
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर सोशल मीडिया और इंटरनेट आधारित कॉल के जरिए संपर्क में थे। पुलिस को संदेह है कि जांच से जुड़ी कुछ जानकारियां भी आरोपियों तक पहुंच रही थीं। सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपी को लगातार मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए देखा गया।पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों को जांच से जुड़ी जानकारी कौन दे रहा था और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।
कैब की बुकिंग से कोटा तक पहुंची पुलिस
रिपोर्ट के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपियों ने मोबाइल फोन और इंटरनेट कनेक्शन बंद कर दिए थे। हालांकि, फरारी के दौरान की गई एक सामान्य फोन कॉल पुलिस के लिए अहम सुराग बन गई।
जांच में पता चला कि आरोपी मुंबई के बोरीवली से सूरत जाने के लिए एक निजी कैब में सवार हुए थे। कैब चालक से पूछताछ और रेलवे स्टेशन के CCTV फुटेज की जांच के बाद पुलिस को उनके आगे के सफर की जानकारी मिली। इसके बाद कोटा रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
घटना के बाद सदमे में टाइगर श्रॉफ
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फायरिंग की घटना के बाद टाइगर श्रॉफ मानसिक रूप से परेशान हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया कि अभिनेता ने पुलिस को बताया कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है और उन्हें हमलावरों या हमले की वजह के बारे में जानकारी नहीं है।एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अभिनेता का औपचारिक बयान अभी दर्ज नहीं किया गया है और पुलिस आगे की जांच के तहत उनका बयान दर्ज कर सकती है।

