Samachar Nama
×

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामला: रामदास आठवले बोले- 'मुंबई में लोगों पर हमले होना ठीक नहीं'

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामला: रामदास आठवले बोले- 'मुंबई में लोगों पर हमले होना ठीक नहीं'
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामला: रामदास आठवले बोले- 'मुंबई में लोगों पर हमले होना ठीक नहीं'

मुंबई, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी की घटना की केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने आलोचना की है। उन्होंने कहा कि अभिनेता अभी सुरक्षित हैं, लेकिन मुंबई में इस तरह के हमले होना ठीक नहीं है।

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "टाइगर श्रॉफ एक अभिनेता हैं। जब वे फुटबॉल खेलने गए थे, तब तीन अज्ञात लोग आए और उनकी गाड़ी पर गोली चला दी। उन्हें तो कुछ नहीं हुआ, ड्राइवर को थोड़ी दिक्कत जरूर हुई, लेकिन वह भी सुरक्षित हैं। हालांकि, यह कोई अच्छी बात नहीं है।"

आठवले ने कहा कि मुंबई में इस तरह के हमले होना ठीक नहीं है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने आदेश दे दिए हैं और जिन्होंने भी ऐसा हमला किया है, वे जरूर पकड़े जाएंगे, यह हमारी सरकार का वादा है। जिन लोगों ने हमला किया है, उन्हें गिरफ्तार करके बड़ी से बड़ी सजा दिलाने के लिए मुंबई पुलिस जरूर कार्य करेगी।

रामदास आठवले ने यह भी कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने की कोई जरूरत नहीं है।

उन्होंने आगे कहा, "बिश्नोई गैंग लगातार इस तरह के हमले कर रहा है। भले ही बिश्नोई जेल के अंदर है, लेकिन उसके साथियों ने उन पर हमला किया, क्योंकि वे सलमान खान की फिल्मों में काम करते हैं। मुझे लगता है कि यह सही नहीं है। सलमान खान एक बड़े अभिनेता हैं और उन्होंने कई लोगों को काम दिया है। इस तरह से हमले करना पूरी तरह से गलत है। अनेक लोगों पर इसी तरह के हमले हो रहे हैं, यह बिल्कुल सही नहीं है। बिश्नोई गैंग के लोग जिस तरह हमले कर रहे हैं, उन्हें रोकने के लिए मुंबई पुलिस जरूर कार्रवाई करेगी।"

वहीं, भाजपा नेता राम कदम ने कहा कि अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की निंदा की। उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तुरंत मुंबई पुलिस कमिश्नर से बात की कि हमलावरों को तुरंत पकड़ा जाना चाहिए। सरकार की ओर से उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे घटना के तुरंत बाद टाइगर श्रॉफ से मिले और स्वास्थ्य की जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री ने अभिनेता को भरोसा दिया कि भविष्य में इस प्रकार की कोई भी घटना महाराष्ट्र में नहीं घटेगी और इसका सरकार ध्यान रखेगी।"

राम कदम ने कहा, "हमले के पीछे क्या कारण था, और धमकी देने व डराने-धमकाने के पीछे कौन लोग (मास्टरमाइंड) हैं, इन सभी बातों की जांच मुंबई पुलिस करेगी। हम इस तरह का हमला बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसमें शामिल जो भी अपराधी हैं, वे सलाखों के पीछे होंगे।"

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story