Samachar Nama
×

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना को लेकर नेताओं ने जताई चिंता, सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना को लेकर नेताओं ने जताई चिंता, सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना को लेकर नेताओं ने जताई चिंता, सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने चिंता जताई है। शिवसेना की प्रवक्ता शाइना एनसी ने घटना को कायरतापूर्ण हमला बताते हुए आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की। वहीं, कांग्रेस और एआईएमआईएम के नेताओं ने मुंबई में कानून-व्यवस्था, गैंगस्टरों की गतिविधियों और फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं।

शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि इस तरह हमला करना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि इस घटना में शामिल बताए जा रहे 17, 18 और 22 साल के युवक हरियाणा और बिहार के रहने वाले हैं और उनका इस्तेमाल किया जा रहा है। मुंबई पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और इस मामले में एफआईआर भी दर्ज की गई है। आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि कानून का डर बना रहे।

उन्होंने आगे कहा कि इस घटना के पीछे जो लोग हैं, उन्हें इस तरह की दबंगई दिखाने का कोई अधिकार नहीं है। शाइना एनसी ने भरोसा जताया कि मुंबई पुलिस इस पूरे मामले में दबंगई करने वालों को बेनकाब करेगी।

कांग्रेस नेता और विधान परिषद सदस्य भाई जगताप ने मुंबई पुलिस आयुक्त से कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मुंबई में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और गैंगस्टरों के मीडिया में खुले तौर पर सामने आने पर भी सवाल उठाए। जगताप ने कहा कि पहले मुंबई में ऐसा डर और आतंक देखने को नहीं मिलता था। 1995 के बाद के दौर में, तत्कालीन राजनीतिक नेतृत्व और बाद में उनकी पार्टी की सरकार के समय, 2010 तक अंडरवर्ल्ड का प्रभाव खत्म कर दिया गया था।

एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने टाइगर श्रॉफ से जुड़ी घटना पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि मुंबई में बॉलीवुड के बड़े और विश्वप्रसिद्ध सितारे रहते हैं, लेकिन इस घटना पर किसी भी बॉलीवुड सुपरस्टार की ओर से कोई पोस्ट नहीं किया गया। पठान ने इस बात को विशेष रूप से उल्लेखनीय बताया कि इतनी प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी के बावजूद घटना पर किसी बड़े फिल्मी सितारे ने सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी।

बिहार के पटना में कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने इस घटना को चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि फिल्मी हस्तियों से जुड़ी ऐसी घटनाएं लंबे समय से सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। सिंह ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कदम उठाने और सख्त कार्रवाई शुरू करने की मांग की।

कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठाने के बजाय इस बात पर ध्यान देना जरूरी है कि ऐसे गिरोह लगातार सक्रिय कैसे रहते हैं। उन्होंने कहा कि जब किसी राजनीतिक नेता से जुड़े व्यक्ति के परिवार को निशाना बनाकर डराने की कोशिश होती है, तो पुलिस तेजी से कार्रवाई करती है। गिरोह का प्रमुख जेल में होने के बावजूद बाहर निर्देश जारी होने की बात गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने गृह मंत्रालय की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि या तो वह ठीक से काम नहीं कर रहा है या फिर जानबूझकर इस स्थिति की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने इसे गलत बताया।

कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हिरासत में लिए गए लोग वास्तव में घटना के लिए जिम्मेदार हैं या लोगों को भरोसा दिलाने के लिए किसी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने इस मामले में तथ्यों की स्पष्टता पर जोर दिया। अल्वी ने भाजपा सरकारों के अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस के दावे का जिक्र करते हुए कहा कि इसके बावजूद अभिनेताओं और अन्य चर्चित हस्तियों की जान लेने की कोशिशों तथा खुलेआम गोलीबारी की घटनाएं चिंता पैदा करती हैं। उन्होंने इसे सरकार के लिए शर्मनाक स्थिति बताया।

हैदराबाद में कांग्रेस नेता रियाज ने टाइगर श्रॉफ पर हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखना जरूरी है। रियाज ने बॉलीवुड को बड़े आयोजनों, शूटिंग, उपलब्धियों और सकारात्मक संदेशों का प्रतीक बताते हुए कहा कि अब फिल्म उद्योग खतरे का सामना कर रहा है। उन्होंने इस घटना के लिए महाराष्ट्र की मौजूदा सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि हर अभिनेता तथा अभिनेत्री को सुरक्षा मिलनी चाहिए, ताकि वे बिना भय के अपना काम कर सकें।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story