टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग के बाद मुंबई की कानून-व्यवस्था पर सवाल, कांग्रेस ने सरकार को घेरा
मुंबई, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग की खबर के बाद मुंबई की कानून-व्यवस्था का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। कांग्रेस ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है और मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आखिर मुंबई में क्या हो रहा है? उन्होंने बाबा सिद्दीकी की हत्या, अभिनेता सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग और कई अभिनेताओं-निर्माताओं को मिल रही धमकियों का हवाला देते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा।
सचिन सावंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि मुंबई में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है और मुख्यमंत्री इस मोर्चे पर पूरी तरह से फेल हो गए हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले कहा जाता था कि 'महाराष्ट्र का बिहार हो गया', लेकिन अब तो 'बिहार बेहतर था' कहने की नौबत आ गई है।
उन्होंने कहा कि मुंबई को अपराधियों के डर में धकेलने वाली सरकार की कड़ी निंदा करते हैं।
वहीं, सांसद और मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रो. वर्षा एकनाथ गायकवाड़ ने भी सरकार को घेरा। गायकवाड़ ने पोस्ट करते हुए लिखा, "मुंबई की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पहले सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी, फिर बाबा सिद्दीकी की हत्या, और अब अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी की खबर। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में अगर इस तरह की घटनाएं एक के बाद एक होती रहेंगी, तो आखिर मुंबईवासियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है?"
उन्होंने आगे कहा, "रिपोर्ट्स के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी में एक और व्यक्ति घायल हुआ है। गोलीबारी के पीछे की वजह अभी साफ नहीं है और पुलिस दोषियों की तलाश कर रही है। क्या अपराधियों को अब भी कानून का डर है? मुंबईवासियों की सुरक्षा को लेकर सरकार और गृह विभाग को जवाब देना होगा।"
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम

