टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग से बॉलीवुड में चिंता, सेलेब्स ने कहा- कड़ी सुरक्षा जरूरी
मुंबई, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना पर कई हस्तियों ने गहरी चिंता जताई है और कहा कि अगर दिन-ब-दिन ऐसा ही होता रहा, तो एक्टर्स के लिए काम करना मुश्किल हो जाएगा।
रितुपर्णा सेनगुप्ता ने दुर्गा पूजा के दौरान आईएएनएस के साथ बातचीत में टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग को चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण हैं, उम्मीद करती हूं कि टाइगर अब सुरक्षित रहें। सेलिब्रिटी होने के साथ-साथ हमें बहुत सी बातों से अलर्ट रहने की भी जरूरत है। हम लोगों को अपने काम के साथ-साथ कड़ी सिक्योरिटी की भी जरूरत है, क्योंकि सभी लोगों की हमारे ऊपर नजर रहती है। इसलिए मैं चाहती हूं कि हम लोग थोड़ा अलर्ट रहकर सिक्योरिटी का ध्यान दें।"
उन्होंने आगे कहा कि हमारी सरकार को इस तरह के हादसों पर एक्शन लेना चाहिए। अभिनेत्री ने पुराने मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि ये बहुत संवेदनशील मुद्दे हैं, क्योंकि ये हम सभी की जान का सवाल है।
अभिनेता राहुल रॉय ने कलाकारों की सुरक्षा पर ध्यान देने पर जोर दिया। राहुल रॉय ने कहा, "पुलिस को टाइगर श्रॉफ और पुराने सारे मामलों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा कड़ी कर देनी चाहिए। ऐसा नहीं है कि हमारी पुलिस या बॉडीगार्ड काम नहीं कर रहे हैं, लेकिन इस तरह के हादसे दोबारा न हो इसलिए सिक्योरिटी को थोड़ा टाइट कर देना चाहिए।"
अभिनेता राकेश बेदी का कहना है कि अगर इस तरह के हादसे होते रहेंगे, तो एक्टर्स का काम करना थोड़ा मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा, "टाइगर के साथ जो कुछ भी हुआ, ऐसा नहीं होना चाहिए था। अगर इस तरह की वारदातें होती रहेंगी, तो कोई कैसे काम कर सकेगा। हम एक्टर्स के लिए सिक्योरिटी बहुत जरूरी है, क्योंकि आप लोग देखिए कि टाइगर श्रॉफ को ऐसे खुलेआम आकर फायर कर दिया। टाइगर के पिता जैकी बहुत अच्छे नेक दिल इंसान है और उनके बेटे के साथ अगर ऐसे होगा, तो कितना गलत है।"
--आईएएनएस
एनएस/एएस

