Samachar Nama
×

टाइगर श्रॉफ फायरिंग पर बोले निरुपम- 24 घंटे में पकड़ा गया मुख्य शूटर, मुंबई में पुलिस का राज

टाइगर श्रॉफ फायरिंग पर बोले निरुपम- 24 घंटे में पकड़ा गया मुख्य शूटर, मुंबई में पुलिस का राज
टाइगर श्रॉफ फायरिंग पर बोले निरुपम- 24 घंटे में पकड़ा गया मुख्य शूटर, मुंबई में पुलिस का राज

मुंबई, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में होने वाली पार्टी की दशहरा रैली की तैयारियों, अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना और उत्तर प्रदेश के कन्नौज में समाजवादी पार्टी के पीडीए सम्मेलन में खाली कुर्सियों को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मुंबई पुलिस का बचाव करते हुए दावा किया कि टाइगर श्रॉफ से जुड़े मामले में मुख्य शूटर को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का जनाधार लगातार सिकुड़ रहा है।

संजय निरुपम ने कहा कि शिवसेना की दशहरा रैली पार्टी की ऐतिहासिक परंपरा है, जिसकी शुरुआत शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे ने छत्रपति शिवाजी पार्क में की थी। शिवसैनिक हर साल दशहरा रैली का इंतजार करते हैं, क्योंकि इस मंच से उन्हें पार्टी की विचारधारा और आगे की राजनीतिक दिशा के बारे में मार्गदर्शन मिलता रहा है। इस बार महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे रैली में शिवसैनिकों का मार्गदर्शन करेंगे। वह समाज सेवा, महाराष्ट्र के विकास, राज्य के लोगों की सेवा और विरोधियों का मजबूती से मुकाबला करने जैसे विषयों पर अपनी बात रखेंगे। गोरेगांव के नेस्को ग्राउंड में रैली की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और पार्टी भव्य आयोजन की तैयारी कर रही है।

अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना को संजय निरुपम ने चिंताजनक और चौंकाने वाला बताया। उन्होंने इसकी निंदा करते हुए कहा कि मुंबई पुलिस माफिया गतिविधियों से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है। पुलिस ने पहले भी कई मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है और टाइगर श्रॉफ के मामले में मुख्य शूटर को 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया गया। उन्होंने सलमान खान की बालकनी और फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई गोलीबारी की घटनाओं का जिक्र करते हुए दावा किया कि उन मामलों में भी आरोपियों को पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि मुंबई में पुलिस का शासन चलता है, अपराधियों का नहीं। पुलिस और सरकार पूरी क्षमता के साथ ऐसी घटनाओं पर कार्रवाई कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मुंबई पहुंचे और टाइगर श्रॉफ से मुलाकात कर उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया। सरकार मुंबई के नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में माफिया गतिविधियों पर लगाम लगाने का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने विपक्ष की आलोचनाओं पर कहा कि जब पुलिस कार्रवाई कर रही है, तब उसकी क्षमता पर सवाल उठाना उचित नहीं है।

कन्नौज में अखिलेश यादव के पीडीए सम्मेलन में खाली कुर्सियों को लेकर निरुपम ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कन्नौज समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता रहा है और पीडीए पार्टी का प्रमुख राजनीतिक नारा है। इसके बावजूद सम्मेलन में कुर्सियां खाली रहने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि यह पार्टी के घटते जनाधार का संकेत है। निरुपम ने आरोप लगाया कि सम्मेलन में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों की अपेक्षित भागीदारी नहीं दिखी। अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने के सपने देख रहे हैं, लेकिन यह सपना पूरा होने वाला नहीं है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में हार मिलने पर समाजवादी पार्टी फिर वोट चोरी और ईवीएम का मुद्दा उठाएगी। निरुपम ने इसे मतदाताओं का अपमान बताते हुए कहा कि चुनाव परिणाम ही पार्टी के जनसमर्थन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करेंगे।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story