Samachar Nama
×

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: वारदात से पहले आरोपियों ने जंगल में की थी गोली चलाने की प्रैक्टिस, 3 से 4 राउंड फायरिंग का दावा

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: वारदात से पहले आरोपियों ने जंगल में की थी गोली चलाने की प्रैक्टिस, 3 से 4 राउंड फायरिंग का दावा
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: वारदात से पहले आरोपियों ने जंगल में की थी गोली चलाने की प्रैक्टिस, 3 से 4 राउंड फायरिंग का दावा

मुंबई, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की जांच में मुंबई क्राइम ब्रांच को अहम सुराग मिले हैं। जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने से पहले दो शूटरों ने मुंबई की आरे कॉलोनी के जंगल में जाकर हथियार चलाने की प्रैक्टिस की थी।

सूत्रों के अनुसार, क्राइम ब्रांच ने मामले में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद कर लिए हैं। जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर पता चला कि फायरिंग से पहले आरोपी आरे कॉलोनी के घने जंगल में करीब तीन किलोमीटर अंदर गए थे, जहां उन्होंने पिस्टल से प्रैक्टिस की थी।

जांच में सामने आया है कि दोनों शूटरों ने मिलकर तीन से चार राउंड गोलियां चलाई थीं। बताया जा रहा है कि एक आरोपी ने दो राउंड फायरिंग की, जबकि दूसरे आरोपी ने भी दो राउंड फायर किए थे।

इस मामले में एक चरवाहा संभावित चश्मदीद के रूप में सामने आया है। चरवाहे ने पुलिस को बताया कि वह जंगल में घास काटने गया था। उसी दौरान शाम के समय उसे गोली चलने की आवाज सुनाई दी।

चरवाहे के मुताबिक, अचानक तीन से चार गोलियों की आवाज आने से वह घबरा गया और तुरंत जंगल से बाहर निकल आया। डर की वजह से उसने उस समय किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। हालांकि बाद में जब क्राइम ब्रांच को जांच के दौरान यह इनपुट मिला कि आरोपियों ने आरे के जंगल में प्रैक्टिस की थी, तब इस संबंध में चरवाहे का बयान भी सामने आया।

मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार, टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में अब तक करीब 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सभी आरोपियों से पुलिस हिरासत में पूछताछ की जा रही है।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फायरिंग की पूरी साजिश किसने रची, हथियार कहां से लाए गए और इसमें शामिल अन्य लोगों की क्या भूमिका थी।

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद से मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच लगातार कार्रवाई कर रही है और मामले में एक के बाद एक नए खुलासे सामने आ रहे हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Share this story

Tags