थ्येनचिन में 2026 विश्व बुद्धिमान उद्योग एक्सपो का शुभारंभ
बीजिंग, 29 मई (आईएएनएस)। चार दिवसीय 2026 विश्व बुद्धिमान उद्योग एक्सपो का उद्घाटन गुरुवार को चीन के उत्तरी शहर थ्येनचिन में हुआ। इस आयोजन में बुद्धिमान उद्योगों से जुड़ी अत्याधुनिक तकनीकों और उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों का व्यापक प्रदर्शन किया जा रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पारंपरिक उद्योगों की दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि कर रहा है, जिससे विकास के नए अवसर और व्यापार के नए स्वरूप उभर रहे हैं।
इस वर्ष एक्सपो की थीम है, "बुद्धिमत्ता: विकास के लिए बड़ा मौका, सतत विकास का चालक"। प्रदर्शनी में एआई की मूल तकनीकों, एम्बोडिड एआई, बुद्धिमान कनेक्टेड वाहनों, लो-ऑल्टीट्यूड अर्थव्यवस्था, वाणिज्यिक अंतरिक्ष, बुद्धिमान विनिर्माण तथा स्मार्ट जीवनशैली से जुड़े नवाचारों को प्रदर्शित किया जा रहा है। कुल प्रदर्शनी क्षेत्र 1.3 लाख वर्ग मीटर में फैला है, जो इस आयोजन के इतिहास का सबसे बड़ा संस्करण है। एक्सपो के दौरान 200 से अधिक नवाचारी उपलब्धियों और तकनीकी परिणामों का अनावरण किया जाएगा।
चीनी विज्ञान अकादमी के उपाध्यक्ष वू चाओहुई ने कहा कि 2024 में रणनीतिक योजना, 2025 में विभिन्न क्षेत्रों में क्रियान्वयन और 2026 में बुद्धिमान अर्थव्यवस्था के नए स्वरूप के निर्माण तक, चीन लगातार "आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्लस" विकास रणनीति पर केंद्रित रहा है। उनके अनुसार, यह इस बात का संकेत है कि चीन की एआई विकास प्रक्रिया अब प्रणालीगत योजना और बड़े पैमाने पर अनुप्रयोग के नए चरण में प्रवेश कर चुकी है।
"राष्ट्रीय डेटा संसाधन सर्वेक्षण रिपोर्ट (2025)" के अनुसार, वर्ष 2025 में चीन का कुल डेटा उत्पादन 52.26 जेटाबाइट (जीबी) तक पहुंच गया। एआई प्रशिक्षण और अनुमान (इन्फरेंस) के लिए उपयोग किए गए डेटा की कुल मात्रा 199.48 एक्साबाइट (ईबी) रही। पहली बार अनुमान डेटा की मात्रा प्रशिक्षण डेटा से अधिक रही, जो यह दर्शाती है कि एआई उद्योग प्रशिक्षण और अनुमान, दोनों क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
चीन के उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के उपमंत्री खे चिशिन ने कहा कि मंत्रालय नए प्रकार के औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के अवसर का लाभ उठाते हुए बुद्धिमान उद्योगों के विकास को गति देगा, एआई के व्यावहारिक अनुप्रयोगों को और गहरा करेगा तथा औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को और सुदृढ़ बनाएगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/

