ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई का पार्थिव शरीर कोम पहुंचा, वीडियो में जाने मंगलवार को होगी अंतिम यात्रा
ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई का पार्थिव शरीर सोमवार शाम राजधानी तेहरान से पवित्र शहर कोम पहुंच गया। ईरान के सरकारी टीवी के अनुसार, हेलिकॉप्टर के जरिए पार्थिव शरीर को कोम लाया गया, जहां मंगलवार को अंतिम यात्रा और धार्मिक रस्में संपन्न की जाएंगी।
कोम शहर का खामेनेई के जीवन से विशेष संबंध रहा है। यहीं उन्होंने धार्मिक शिक्षा प्राप्त की थी और बाद में देश के सबसे प्रभावशाली शिया धर्मगुरुओं में अपनी पहचान बनाई। कोम को दुनिया भर के शिया मुसलमानों का प्रमुख धार्मिक केंद्र माना जाता है।
तेहरान में तीसरे दिन भी उमड़ा जनसैलाब
खामेनेई की अंतिम विदाई में तेहरान में लगातार तीसरे दिन भी लाखों लोग शामिल हुए। श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों ने खामेनेई और उनके परिवार के दिवंगत सदस्यों के ताबूतों पर फूल अर्पित किए और भावभीनी विदाई दी।राजधानी की सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़े, जिससे पूरे शहर में शोक का माहौल देखने को मिला।
कोम के बाद मशहद ले जाया जाएगा पार्थिव शरीर
धार्मिक रस्मों के बाद अयातुल्ला अली खामेनेई के पार्थिव शरीर को उनके गृह नगर मशहद ले जाया जाएगा। गुरुवार को उन्हें इमाम रजा दरगाह परिसर में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।इमाम रजा दरगाह शिया मुसलमानों के सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों में से एक मानी जाती है, इसलिए वहीं अंतिम संस्कार की तैयारियां की गई हैं।
देश-विदेश से श्रद्धांजलि
अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन के बाद ईरान में राष्ट्रीय शोक का माहौल है। देशभर से बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं। अंतिम यात्रा और दफन कार्यक्रम में देश के वरिष्ठ राजनीतिक, धार्मिक और सैन्य नेताओं के साथ-साथ विदेशों से भी कई प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

