धूमधाम से दुल्हा-दुल्हन ने की शादी, डेढ़ साल बाद पति बोला- 'मैं अभी...', फिर खुला ऐसा राज जान चीख पड़ी पत्नी

“प्यार में इंसान पागल हो जाता है,” यह कहावत झारखंड की सरोज पर एकदम सटीक बैठती है, लेकिन उसके साथ जो हुआ, वह सिर्फ दिल तोड़ने वाली प्रेम कहानी नहीं, बल्कि करोड़ों की ठगी का संगीन मामला है। राजस्थान के झुंझुनूं जिले से सामने आई इस चौंकाने वाली कहानी ने हर किसी को हैरत में डाल दिया है।
लव मैरिज की आड़ में 5 करोड़ की ठगी
सरोज की मुलाकात झुंझुनूं निवासी सुनील कुमार से एक साल पहले हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बना और फिर उन्होंने 17 मई 2023 को कोर्ट मैरिज कर ली। शादी के बाद चर्च में सामाजिक रूप से विवाह समारोह भी हुआ। शुरू में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ महीनों के अंदर ही सुनील का असली चेहरा सामने आने लगा।
सरोज ने बताया कि सुनील ने उसके करीब 80 रिश्तेदारों को अपने जाल में फंसाकर ट्रेडिंग बिजनेस के नाम पर लगभग 5 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। यही नहीं, सुनील ने सरोज के नाम पर गहने गिरवी रखकर 8 लाख रुपये का लोन भी ले लिया। यह सब करते हुए वह पूरे 15 महीने तक सरोज का भरोसा जीतता रहा और फिर अचानक एक दिन गायब हो गया।
अचानक गायब, फोन भी बंद
सरोज ने बताया कि 5 अगस्त 2024 को सुनील घर से काम पर जाने का बहाना बनाकर निकला और फिर कभी लौटकर नहीं आया। उसके कॉल्स का कोई जवाब नहीं मिला और कुछ समय बाद उसका फोन भी स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद सरोज ने कई जगह उसकी तलाश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। आखिरकार, वह झारखंड से 1200 किलोमीटर का सफर तय कर झुंझुनूं पहुंची, ताकि अपने धोखेबाज पति को कानून के हवाले कर सके।
झुंझुनूं पहुंची सरोज, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
सरोज ने झारखंड में पहले ही अपने पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी थी, लेकिन जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वह खुद राजस्थान पहुंच गई। झुंझुनूं एसपी ऑफिस में पहुंचकर उसने एएसपी फूलचंद मीणा को ज्ञापन सौंपा और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सरोज की मांग है कि सुनील को गिरफ्तार कर उससे ठगे गए करोड़ों रुपये की वसूली की जाए।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने सरोज की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी सुनील कुमार की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सुनील को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, सरोज का कहना है कि वह अब तक दर-दर भटकती रही है, लेकिन अब उसे केवल कानून से न्याय मिलने की उम्मीद है।
लुटेरी दुल्हनों को भी पीछे छोड़ गया यह ‘दूल्हा’
इस मामले ने सोशल मीडिया पर भी सुर्खियां बटोरी हैं। जहां आमतौर पर लुटेरी दुल्हनों की कहानियां सामने आती हैं, वहां यह दूल्हा सभी को चौंका देने वाला निकला। उसने प्रेम और शादी की आड़ में न सिर्फ एक महिला, बल्कि उसके पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया।
अब देखना यह है कि पुलिस सुनील कुमार को कब तक गिरफ्तार कर पाती है और क्या सरोज को उसका खोया हुआ पैसा और सम्मान वापस मिल पाएगा। यह मामला देशभर में प्रेम और भरोसे के नाम पर की गई सबसे बड़ी ठगी में से एक बन चुका है।