शेख हसीना के भारत आने का वीडियो बनाने वाले बांग्लादेशी एयरफोर्स अधिकारी का शव नदी में मिला, वीडियो में जाने RAW से संबंध होने के लगे थे आरोप
बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़कर भारत आने का वीडियो बनाने वाले एयरफोर्स अधिकारी केएम तौसीफ सौरी का शव 28 अक्टूबर को ढाका की तुराग नदी में मिला। उनका शव राजाबाड़ी घाट के पास बरामद किया गया। अधिकारी पर भारत की खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) से जुड़े होने के आरोप लगे थे। हालांकि, बांग्लादेश के सैन्य जनसंपर्क निदेशालय ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था।
बांग्लादेशी अखबार द डेली स्टार के मुताबिक, नदी में शव मिलने के बाद शुरुआत में पुलिस उसकी पहचान नहीं कर सकी। अधिकारी ने सफेद पेंट और काली शर्ट पहन रखी थी। उनकी जेब से मिले आईफोन के जरिए पहचान की गई। शव के पास एक कलाई घड़ी भी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ढाका के शहीद सुहरावर्दी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
RAW से संबंध होने के लगे थे आरोप
बांग्लादेशी अखबार अमर देश ने पहले दावा किया था कि एयरफोर्स की जांच में कुछ अधिकारियों के भारत की खुफिया एजेंसी RAW से संबंध सामने आए हैं। इसी दौरान केएम तौसीफ सौरी का नाम भी चर्चा में आया था। उन पर शेख हसीना के भारत आने से जुड़े वीडियो को रिकॉर्ड करने का आरोप लगाया गया था।हालांकि, बांग्लादेश के सैन्य जनसंपर्क निदेशालय ने RAW से जुड़े होने के आरोपों को खारिज कर दिया था। इस मामले में अधिकारी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई थी।
शेख हसीना के भारत आने का वीडियो हुआ था वायरल
5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश में छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। राजनीतिक संकट के बीच उन्होंने प्रधानमंत्री पद छोड़ दिया और हेलिकॉप्टर से भारत आ गईं। उनके देश छोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।इस वीडियो में शेख हसीना को बांग्लादेश छोड़ते हुए दिखाया गया था। इसके बाद वीडियो बनाने वाले अधिकारी की पहचान और उसकी भूमिका को लेकर चर्चाएं शुरू हुई थीं।
सितंबर 2024 में एयरफोर्स से हटाए गए थे सौरी
शेख हसीना के भारत आने के कुछ समय बाद सितंबर 2024 में केएम तौसीफ सौरी को बांग्लादेश एयरफोर्स से हटा दिया गया था। उनके पिता के मुताबिक, परिवार को बताया गया था कि उन्हें अनुशासन से जुड़ी वजहों के चलते सेवा से हटाया गया है।हालांकि, परिवार ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि सौरी का सर्विस रिकॉर्ड अच्छा था और वे करीब 200 घंटे विमान उड़ा चुके थे। परिवार के मुताबिक, उनके खिलाफ पहले किसी बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानकारी नहीं थी।दूसरी ओर, बांग्लादेश एयरफोर्स ने कहा था कि सौरी को सेवा से हटाने का शेख हसीना के भारत आने का वीडियो बनाने से कोई संबंध नहीं था। उन्हें नियमों के तहत सेवा से रिटायर किया गया था।
मौत की वजह का अभी खुलासा नहीं
केएम तौसीफ सौरी का शव मिलने के बाद पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल उनकी मौत की वजह को लेकर कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है। यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मामले की स्थिति साफ हो सकेगी।

