थाईलैंड में दर्दनाक हादसा: 11 साल के बच्चे ने पिकअप ट्रक से बौद्ध भिक्षुओं के जुलूस को रौंदा, फुटेज में देंखे 10 की मौत, 5 गंभीर घायल
थाईलैंड के मुकदाहन शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 10 बौद्ध भिक्षुओं की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। शुरुआती जांच के मुताबिक, 11 वर्षीय एक लड़का अपने माता-पिता का पिकअप ट्रक बिना अनुमति लेकर निकल पड़ा और वाहन से नियंत्रण खोने के बाद तीर्थयात्रा पर निकले भिक्षुओं के जुलूस में जा घुसा।
यह हादसा गुरुवार सुबह स्थानीय समयानुसार करीब 11 बजे मुकदाहन शहर में हुआ। पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़का अपने माता-पिता का पिकअप ट्रक लेकर घर से निकल गया था। बताया जा रहा है कि उसने करीब 10 किलोमीटर तक वाहन चलाया, लेकिन बाद में उसका नियंत्रण खो बैठा।
सड़क किनारे चल रहे भिक्षुओं को मारी टक्कर
हादसे के समय बौद्ध भिक्षुओं का एक समूह तीर्थयात्रा के दौरान सड़क किनारे एक कतार में पैदल चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ट्रक सीधे जुलूस में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 10 भिक्षुओं की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी घटना
स्थानीय रेस्क्यू संगठन द्वारा जारी सीसीटीवी फुटेज में हादसे का भयावह दृश्य सामने आया है। वीडियो में तेज रफ्तार पिकअप ट्रक सड़क किनारे चल रहे भिक्षुओं के जुलूस को जोरदार टक्कर मारता दिखाई देता है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहत-बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा।
नाबालिग होने के कारण अभी केस दर्ज नहीं
पुलिस का कहना है कि वाहन चला रहा लड़का महज 11 साल का है। नाबालिग होने के कारण उसके खिलाफ फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और यह भी पता लगाया जा रहा है कि बच्चा बिना अनुमति वाहन लेकर कैसे निकल गया।
जांच जारी
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि वाहन की निगरानी में किसी तरह की लापरवाही तो नहीं हुई। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे थाईलैंड को झकझोर दिया है और सड़क सुरक्षा के साथ-साथ नाबालिगों की वाहन तक पहुंच को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

