Samachar Nama
×

टीईटी पेपर लीक से लेकर राम मंदिर विवाद तक, हुसैन दलवाई ने भाजपा को घेरा

टीईटी पेपर लीक से लेकर राम मंदिर विवाद तक, हुसैन दलवाई ने भाजपा को घेरा
टीईटी पेपर लीक से लेकर राम मंदिर विवाद तक, हुसैन दलवाई ने भाजपा को घेरा

मुंबई, 28 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में टीईटी पेपर लीक मामले पर कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले नीट पेपर लीक हुआ और अब महाराष्ट्र में भी पेपर लीक हो गया। महाराष्ट्र में पहले इस तरह पेपर लीक नहीं होते थे।

उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि गलत तरीके से पैसे कमाने और अपनी जिंदगी बेहतर बनाने की होड़ लगी हुई है। मौजूदा सरकार किसी भी तरह सत्ता में बने रहना चाहती है। विभागों पर कोई नियंत्रण नहीं है, सब सिर्फ पैसा कमाने के लिए काम कर रहे हैं।

मुंबई में मुहर्रम के दौरान एक शख्स की संदिग्ध गतिविधियों पर हुसैन दलवाई ने कहा कि यह एक गंभीर मामला है। इसके पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें सामने लाना चाहिए। इसके पीछे मुस्लिम ही हों, यह जरूरी नहीं है। समाज में ऐसा माहौल बन गया है कि किसी की जान लेना आसान समझा जाने लगा है।

उन्होंने मुंबई लोकल ट्रेन में हुई हत्या पर कहा कि लोग अब जिम्मेदारी नहीं लेना चाहते, इसलिए उसे बचाने के लिए कोई आगे नहीं आया। माहौल को बदलना जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। जब सरकार विधायक, सांसद और नेताओं को खरीद रही है तो सब में अमीर बनने की होड़ लग गई है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि अगर भारत से अमेरिका को फायदा मिलता है तो वहां के राष्ट्रपति एक बार नहीं, बार-बार आएंगे। हमें यह सोचना चाहिए कि वे क्यों आ रहे हैं? उनके नाम के टावर बन रहे हैं, कल को उनके घर भी बनेंगे। क्या यहां बिल्डर नहीं हैं? वे अपने किसी न किसी फायदे के लिए ही आ रहे होंगे।

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर उद्धव ठाकरे के बयान को लेकर उन्होंने कहा कि वह पहले भाजपा के साथ थे। उन्हें यह कहना चाहिए कि बालासाहेब ठाकरे का भाजपा के साथ जाने का फैसला गलत था। वे मराठी समाज के मुद्दों को छोड़कर हिंदुत्व के मुद्दे पर चले गए। उनसे कुछ गलतियां हुई हैं और अब उनमें सुधार हो रहा है, इसका स्वागत किया जाना चाहिए।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags