Samachar Nama
×

तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2025 के लिए ऑनलाइन नामांकन शुरू

तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2025 के लिए ऑनलाइन नामांकन शुरू
तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2025 के लिए ऑनलाइन नामांकन शुरू

नई दिल्ली, 21 जुलाई (आईएएनएस)। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की ओर से साहसिक गतिविधियों के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए भारत के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान, तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार (टीएनएए) 2025 के लिए ऑनलाइन नामांकन आमंत्रित हैं। नामांकन 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से खुले रहेंगे।

साहसिक गतिविधियों के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धियों को मान्यता देने और युवाओं में सहनशक्ति, साहस, टीम वर्क और नेतृत्व की भावना को प्रेरित करने के लिए स्थापित यह पुरस्कार चार श्रेणियों- स्थलीय साहसिक कार्य, जल (समुद्री) साहसिक कार्य, वायु साहसिक कार्य और जीवनपर्यंत उपलब्धि को लेकर दिया जाता है। यह पुरस्कार युवा भारतीयों को साहसिक गतिविधियों में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने का भी प्रयास करता है।

तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार में कांस्य प्रतिमा, प्रमाणपत्र, रेशमी टाई (या साड़ी) के साथ ब्लेजर और 15 लाख रुपए की पुरस्कार राशि शामिल है। यह पुरस्कार अर्जुन पुरस्कार के समकक्ष दर्जा रखता है और भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के साथ प्रदान किया जाता है।

साहसिक गतिविधियों के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले भारतीय नागरिक आवेदन करने के पात्र हैं। आवेदन गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा किए जाने हैं। आवेदक संबंधित राज्य सरकार के युवा/खेल विभाग या मान्यता प्राप्त साहसिक संस्थानों से अनुशंसा प्राप्त कर सकते हैं, जबकि सेना, नौसेना और वायु सेना के सेवारत कर्मियों के लिए अनुशंसा अनिवार्य है।

मंत्रालय संगठनों से नामांकन आमंत्रित कर सकता है या स्वयं योग्य व्यक्तियों को नामांकित कर सकता है।

आवेदकों को वर्षवार उपलब्धियों का कालानुक्रमिक विवरण और लागू होने पर समर्थक दस्तावेजों सहित एक अनुक्रमित पीडीएफ फाइल अपलोड करनी होगी। भूमि, जल और वायु साहसिक कार्य श्रेणियों के लिए, चयन प्रक्रिया के दौरान पिछले तीन कैलेंडर वर्षों की उपलब्धियों पर विचार किया जाएगा।

--आईएएनएस

डीकेपी/

Share this story

Tags