Samachar Nama
×

तेलंगाना के मंत्री श्रीधर बाबू ने सिंगापुर की कंपनियों को भारत फ्यूचर सिटी में निवेश का दिया न्योता

तेलंगाना के मंत्री श्रीधर बाबू ने सिंगापुर की कंपनियों को भारत फ्यूचर सिटी में निवेश का दिया न्योता
तेलंगाना के मंत्री श्रीधर बाबू ने सिंगापुर की कंपनियों को भारत फ्यूचर सिटी में निवेश का दिया न्योता

हैदराबाद, 16 सितंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना के आईटी और उद्योग मंत्री दुड्डिल्ला श्रीधर बाबू ने सिंगापुर की कंपनियों से 'भारत फ्यूचर सिटी' में निवेश के अवसर तलाशने का आग्रह किया है। तेलंगाना सरकार इस शहर को एक नए शहरी और आर्थिक विकास केंद्र के रूप में विकसित कर रही है।

श्रीधर बाबू ने यह अपील बुधवार को डॉ. बीआर अंबेडकर तेलंगाना सचिवालय में सिंगापुर के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के दौरान की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सिंगापुर के व्यापार और उद्योग मंत्रालय के स्थायी सचिव (ऊर्जा और व्यापार) ऑगस्टीन ली कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सिंगापुर की तकनीकी और औद्योगिक विशेषज्ञता तेलंगाना के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के विकास में योगदान दे सकती है। उन्होंने सिंगापुर की कंपनियों को सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन, सहायक उद्योगों और एकीकृत सप्लाई चेन में अवसरों का पता लगाने के लिए आमंत्रित किया।

उन्होंने कहा कि तेलंगाना अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के माध्यम से हाई-वैल्यू उद्योगों, रिसर्च एंड डेवलपमेंट और टेक्नोलॉजी आधारित उद्यमों के लिए एक पसंदीदा जगह के रूप में अपनी स्थिति को मजबूत करना चाहता है।

मंत्री ने सिंगापुर की कंपनियों के लिए कई क्षेत्रों में निवेश के अवसरों पर प्रकाश डाला। इनमें आईटी और आईटी-इनेबल्ड सर्विसेज, उभरती टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, लाइफ साइंसेज, बायोटेक्नोलॉजी, एयरोस्पेस, ग्रीन टेक्नोलॉजी, रिन्यूएबल एनर्जी, लॉजिस्टिक्स, शहरी बुनियादी ढांचा, रिसर्च एंड डेवलपमेंट और स्किल डेवलपमेंट शामिल हैं।

श्रीधर बाबू ने सिंगापुर प्रतिनिधिमंडल से यह भी आग्रह किया कि वे सिंगापुर स्थित कंपनियों के बीच तेलंगाना में निवेश के अवसरों के बारे में जागरूकता बढ़ाएं और उन्हें भविष्य के निवेश के लिए राज्य का पता लगाने के लिए प्रोत्साहित करें।

उन्होंने सिंगापुर सरकार और सिंगापुर की कंपनियों को 7 से 9 दिसंबर तक होने वाले 'तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट-2026' में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया और सिंगापुर से व्यापक भागीदारी को सुविधाजनक बनाने में उनके समर्थन की मांग की। यह समिट राज्य के निवेश-केंद्रित एजेंडे के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भारत फ्यूचर सिटी प्रमुखता से शामिल है।

बैठक में टीजीआईआईसी के प्रबंध निदेशक शशांक, सिंगापुर के व्यापार और उद्योग मंत्रालय के वरिष्ठ निदेशक डॉ. फ्रांसिस चोंग, भारत निदेशालय की निदेशक जीन यी और दक्षिण एशिया एंटरप्राइज की निदेशक ऑट्रे टून सहित अन्य लोग मौजूद थे।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

Share this story