Samachar Nama
×

तेजस्वी यादव पर दिलीप जायसवाल का पलटवार, कहा- बिना सोचे-समझे बयान देने के आदी

तेजस्वी यादव पर दिलीप जायसवाल का पलटवार, कहा- बिना सोचे-समझे बयान देने के आदी
तेजस्वी यादव पर दिलीप जायसवाल का पलटवार, कहा- बिना सोचे-समझे बयान देने के आदी

नई दिल्ली, 29 जून (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव द्वारा चुनाव के दौरान महिलाओं के खातों में 10 हजार रुपये बांटे जाने को रिश्वत बताए जाने पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि चुनाव जीतने के लिए यह पैसा दिया गया और इसे अब श्मशान घाटों से वसूला जाएगा।

तेजस्वी यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि कुछ नेता बिना सोचे-समझे बयान देने के आदी हो गए हैं। उन्होंने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे नेता मुद्दाविहीन हैं और विकास की चर्चा करने के बजाय अनर्गल बयानबाजी करते हैं। दिलीप जायसवाल ने कहा कि बिहार में सरकार गरीबों के कल्याण और विकास कार्यों पर ध्यान दे रही है, ऐसे में इस तरह के उटपटांग बयान देना उचित नहीं है।

वहीं, कानून व्यवस्था पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि तेजस्वी यादव को कानून और व्यवस्था के बीच अंतर समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि दोनों अलग-अलग विषय हैं, लेकिन विपक्षी नेता अक्सर इन्हें मिलाकर भ्रम पैदा करते हैं, जिससे उनकी समझ पर सवाल खड़े होते हैं।

इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का भी जिक्र किया और कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा सोना न खरीदने और ईंधन का समझदारी से उपयोग करने को लेकर की गई अपील का देश में सकारात्मक असर दिख रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों ने विदेशी उत्पादों की खरीद में कमी की है और स्थानीय उत्पादों को अधिक महत्व देना शुरू किया है। इसी तरह सोना-चांदी की खपत को लेकर भी प्रधानमंत्री की अपील का असर देखा जा रहा है।

पश्चिम बंगाल में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) लागू करने की चर्चा पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रत्येक राज्य सरकार को अपने स्तर पर कानून बनाने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि इससे पहले उत्तराखंड जैसे राज्यों में भी इस दिशा में कदम उठाए गए हैं, इसलिए राज्य सरकारें अपने-अपने निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र हैं।

इसी बीच दिल्ली में कांग्रेस नेता "राहुल गांधी गुमशुदा" के पोस्टर लगाए जाने को लेकर उन्होंने कहा, "राहुल गांधी वैसे भी हास्यास्पद हैं। राहुल गांधी के बारे में लोग हास्यास्पद ही सोचा करते हैं, इसीलिए इस तरह के पोस्टर लगे होंगे।"

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story

Tags