Samachar Nama
×

तेजस्वी यादव का एनडीए सरकार पर आरोप, कहा-बिहार की राजकोषीय स्थिति बेहद खराब, भारी कर्ज में डूबा राज्य

तेजस्वी यादव का एनडीए सरकार पर आरोप, कहा-बिहार की राजकोषीय स्थिति बेहद खराब, भारी कर्ज में डूबा राज्य
तेजस्वी यादव का एनडीए सरकार पर आरोप, कहा-बिहार की राजकोषीय स्थिति बेहद खराब, भारी कर्ज में डूबा राज्य

पटना, 21 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की वित्तीय स्थिति को लेकर एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि बिहार की राजकोषीय स्थिति बेहद दयनीय और चिंताजनक हो गई है। राज्य भारी कर्ज के बोझ तले दब चुका है और कुल सार्वजनिक ऋण में चार गुना से अधिक की वृद्धि हुई है।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार को गंभीर आर्थिक संकट की ओर धकेला जा रहा है। उनके मुताबिक, राज्य की वित्तीय स्थिति इतनी खराब हो गई है कि सरकारी कर्मचारियों और पेंशनधारकों के भुगतान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, ठेकेदारों के बकाये और विकास कार्यों के लिए समय पर पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं हो रही है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि छात्रों को मिलने वाले स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड की राशि घटाई गई है और छात्रवृत्ति को समाप्त किया जा रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार के पास व्यय प्रबंधन, ऋण प्रबंधन और राजकोषीय घाटे को नियंत्रित करने की कोई स्पष्ट समझ और दीर्घकालिक योजना नहीं है।

तेजस्वी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा राज्य का राजस्व घाटा बढ़ रहा है और कर्ज उससे भी तेज गति से बढ़ रहा है।

तेजस्वी ने अपने पोस्ट में दावा किया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में देश के प्रमुख राज्यों के बीच बिहार का राजकोषीय घाटा सबसे अधिक रहा और यह जीएसडीपी का 5.8 प्रतिशत था।

उन्होंने कहा कि ऊंचे राजकोषीय घाटे के साथ भारी कर्ज का बोझ राज्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। राज्य की अपनी राजस्व प्राप्तियों और खर्च के बीच संतुलन नहीं होने का भी उन्होंने आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि राजस्व सृजन और संग्रह बढ़ाने, बजटीय प्रबंधन सुधारने तथा राजकोषीय घाटे को नियंत्रित करने के लिए सरकार के पास कोई ठोस दीर्घकालिक योजना नहीं है। तेजस्वी ने एनडीए सरकार पर पिछले दो वर्षों में रिकॉर्ड कर्ज लेने के बावजूद सरकारी खजाना खाली होने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि आखिर बिहार का पैसा कहां जा रहा है।

तेजस्वी यादव ने सरकार पर भ्रष्टाचार और कथित संगठित लूट का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिहार का वित्तीय संकट प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के लिए सामूहिक चिंता का विषय है। हालांकि, तेजस्वी के इन आरोपों पर सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story