Samachar Nama
×

तेजस्वी यादव एसी कमरे में बैठकर सहूलियत की राजनीति करते हैं: चिराग पासवान

पटना, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि वे एसी कमरे में बैठकर सहूलियत की राजनीति करते हैं।
तेजस्वी यादव एसी कमरे में बैठकर सहूलियत की राजनीति करते हैं: चिराग पासवान

पटना, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि वे एसी कमरे में बैठकर सहूलियत की राजनीति करते हैं।

पटना में चिराग पासवान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि विपक्ष भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है। आज जब मैं नीतीश कुमार से मिला तो उन्होंने खुद कहा कि जीवन में बहुत कम लोगों को विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा का सदस्य बनने का अवसर मिलता है। उन्होंने अपने अनुभव का लाभ उठाने की इच्छा जताई है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के रूप में सेवा कर चुके हैं और हम सभी उनका सम्मान करते हैं। उनकी वजह से बिहार ‘जंगलराज’ के अंधेरे दौर से बाहर निकलकर आज इस मुकाम पर पहुंचा है। आगे भी उनके मार्गदर्शन में सम्राट चौधरी काम करेंगे और बिहार आगे बढ़ेगा।

चिराग पासवान ने तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जब यह एक अंगुली किसी पर उठाते हैं तो बाकी चार अंगुलियां खुद पर कैसे मुड़ती हैं, इसका जवाब दें। अपने परिवार के इतिहास को टटोलकर देख लें। लालू यादव के जेल जाने के बाद किस चयन प्रक्रिया से अगले मुख्यमंत्री का चुनाव किया गया था? यहां तो गठबंधन में कई दल हैं, जिनकी सहमति से सम्राट चौधरी को चुना गया है।

उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव कहां है? जब बिहार में इतना बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम हुआ है, जमीन पर उतरने के बजाय वे एसी कमरे में बैठकर सहूलियत की राजनीति करते हैं।

चिराग पासवान ने सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि सम्राट चौधरी को ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं। वे मेरे बिहार को अगले पड़ाव की ओर ले जाने वाले हैं। सीएम नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से बाहर निकालकर स्थिरता दी है। अब सम्राट चौधरी के नेतृत्व में हमारी सरकार उनके कार्यों को आगे बढ़ाएगी। नीतीश कुमार की मौजूदगी और सक्रियता को हम जरूर याद करेंगे। वे अब केंद्र की राजनीति में सक्रिय हो रहे हैं, मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी

Share this story

Tags