तेजस्वी ने राजद की पुरानी छात्र इकाई भंग कर 'सोशलिस्ट स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया' बनाई
पटना, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को पार्टी की छात्र इकाई को भंग करने की बात करते हुए कहा कि अब राजद की छात्र इकाई ‘सोशलिस्ट स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ होगी, जो देशभर में सक्रिय रहेगी।
तेजस्वी यादव ने कहा कि इस नए छात्र संगठन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा और सामाजिक समानिकरण को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने कहा कि छात्र राजद के नाम से जो संगठन चल रहा था, उसे अब भंग कर दिया गया है और उसके स्थान पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के आलोक में लिंगदोह कमिटी के अनुसार उसी दिशा-निर्देश का अनुपालन करते हुए छात्र राजद का नाम बदलकर सोशलिस्ट स्टूडेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया रखा गया है।
उन्होंने कहा कि यह संगठन राष्ट्रीय जनता दल की छात्र इकाई के रूप में कार्यरत रहेगा और देशभर में छात्रों के हित में संगठन अपनी भूमिका पूरी सक्रियता के साथ निभाएगा। बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर उन्होंने कहा कि यह फैसला दो व्यक्तियों द्वारा लिया जाएगा, लेकिन जो भी बिहार में मुख्यमंत्री बनेगा, वो जनता के समर्थन का मुख्यमंत्री नहीं होगा, क्योंकि बिहार में एनडीए ने जिसके नाम पर चुनाव लड़ा था, उन्हें सत्ता से बेदखल किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार जाते-जाते बिहार का खजाना खाली कर दिए हैं। 20 वर्षों में एनडीए सरकार ने बिहार को शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और कल-कारखाने के मामले में काफी पीछे कर दिया है और बिहार सबसे गरीब राज्य के रूप में देश में जाना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभी जो लोग नीतीश कुमार का चक्कर लगा रहे हैं, दो महीने बाद उन्हें कोई पूछेगा भी नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार बिहार में कुर्सी के खेल में लगी हुई है और सरकार में बैठे हुए लोग सिर्फ इस बात में लगे हैं कि उनकी राजनीति की गोटी कैसे सेट हो जाए। सरकार में बैठे हुए लोगों को बिहार की जनता से कोई मतलब नहीं है। जदयू भाजपा का प्रकोष्ठ बन कर रह गई है।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीएससी

