जदयू की तेजस्वी को चुनौती, कहा- वोट नहीं देने वाले एमएलए पर एक्शन लेकर दिखाएं
पटना, 18 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में राज्यसभा की सभी पांच सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद एनडीए में उत्साह है। इस बीच, एनडीए में शामिल जदयू ने बुधवार को राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव को चुनौती देते हुए कहा कि राजद के जिस विधायक ने वोट नहीं दिया, उस पर एक्शन नहीं ले सकते हैं।
जदयू के प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने कहा, "अगर हिम्मत है, तो तेजस्वी यादव अपने विधायक फैसल रहमान को पार्टी से निकालें। अगर निकालेंगे, तो उनके नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी भी चली जाएगी। तेजस्वी यादव को यह मेरा चैलेंज है।"
दरअसल, राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन के चार विधायकों ने वोट नहीं डाला था। माना जा रहा है कि इसके कारण एनडीए के सभी पांचों उम्मीदवार जीत गए। वोट नहीं डालने वालों में राजद के विधायक फैसल रहमान और कांग्रेस के तीन विधायक शामिल हैं। ऐसे में चर्चा है कि पार्टी उन बागी विधायकों पर एक्शन ले सकती है। हालांकि जदयू ने तेजस्वी यादव को चुनौती दी है।
जदयू के नेता नीरज कुमार ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद पार्टी में टूट होने की आशंका को लेकर साफ कहा कि पार्टी का नाम ही 'यूनाइटेड' है। नीतीश कुमार हैं, तो टूट का खतरा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार संगठन के तौर पर पार्टी को चलाएंगे और बिहार को भी देखेंगे। वे कह भी चुके हैं कि संसदीय कार्य के दौरान वे दिल्ली रहेंगे और उसके बाद बिहार में ही रहेंगे।
इधर, तेजस्वी यादव और हाल ही में राजनीति में आए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार से जुड़े प्रश्नों को लेकर उन्होंने राजद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि निशांत कुमार ने हाल ही में पार्टी में एंट्री ली है। दोनों पिता-पुत्र जब मिलते हैं, तो निशांत अपने पिता को नमस्कार करते हैं, बदले में उनके पिता भी उनके सम्मान का जवाब देते हैं। यह भी एक संस्कार है। वहीं, दूसरी तरफ तेजस्वी यादव कोलकाता रवाना हो गए हैं और उनके पिता महुआबाग में घर बनवा रहे हैं। यही अंतर है। उन्होंने कहा कि निशांत कहते भी रहे है कि हमारी मां ने हमें संस्कार दिया है। पिता के नाम से गौरव होता है। उधर की स्थिति यह है कि 'मां-पिता ने जो गलती की है, उसे माफ कर दीजिए।'
--आईएएनएस
एमएनपी/एएस

