Samachar Nama
×

तेज तूफान में टीन शेड पकड़े 50 फीट की ऊंचाई पर उड़े नन्हें अंसारी का वीडियो वायरल, अब सुनाई आपबीती

बरेली, 14 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। इस दौरान बरेली जिले में एक हैरान कर देने वाला हादसा सामने आया, जिसमें एक व्यक्ति टीन शेड पकड़े हुए तेज हवा के साथ करीब 50 फीट ऊंचाई पर उड़ता नजर आया। उसका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इस घटना में घायल व्यक्ति नन्हें अंसारी ने गुरुवार को आईएएनएस से खास बातचीत में इस डरावने अनुभव को साझा किया।

नन्हें अंसारी ने बताया कि वह ई-रिक्शा लेकर जा रहे थे, तभी मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। उन्होंने कहा, "हम ई-रिक्शा लेकर जा रहे थे। मौसम खराब होते ही मैंने एक जगह टीनशेड के अंदर शरण ले ली। मैं सोच रहा था कि मौसम ठीक होने के बाद निकलूंगा। मेरे साथ चार अन्य लोग भी थे, जो टीन शेड को बीम के साथ रस्सी से बांधने की कोशिश कर रहे थे। हम सबने मिलकर शेड को पकड़ रखा था।"

उन्होंने आगे कहा, "अचानक इतना तेज तूफान आया कि रस्सी टूट गई। बाकी लोग नीचे रह गए, लेकिन मैं शेड को पकड़े हुए था। तेज हवा ने मुझे ऊपर उठा लिया। करीब 50 फीट की ऊंचाई पर और लगभग 80 फीट दूर तक मैं हवा में उड़ता चला गया। पहले टीन शेड गिरी और उसके बाद मैं गिरा।"

नन्हें अंसारी ने भावुक होते हुए आगे बताया, "मेरे बच्चे अल्लाह से दुआ कर रहे थे कि उनके पिता सही-सलामत रहें। उसी की बदौलत आज मैं बच पाया। उस वक्त मुझे कोई उम्मीद नहीं थी कि मैं बचूंगा। जान पर बन आई तो मैं खुदा को याद कर रहा था। जब मैं जमीन पर गिरा, तब मुझे होश नहीं था। आस-पास के लोगों ने मुझे उठाया और मदद की।"

नन्हें अंसारी वर्तमान में घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने सरकार से मदद की अपील की है। उन्होंने कहा, "रोज का खाना-पीना तो चलता रहता है, लेकिन मेरे पास खेती-बाड़ी नहीं है। ऐसे में परिवार चलाना बहुत मुश्किल है। सरकार से अनुरोध है कि जो भी संभव हो, मेरे लिए करें।"

यह हादसा बुधवार को बरेली में आए तेज तूफान के दौरान हुआ। प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को आंधी-तूफान और बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित किया। कहीं पेड़ उखड़ गए, तो कहीं बिजली के खंभे गिर गए।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम

Share this story

Tags