Samachar Nama
×

उत्तराखंड : बस हादसे पर सीएम धामी ने मृतकों के परिजनों के प्रति जताई संवेदना, दिए जांच के आदेश

उत्तराखंड : बस हादसे पर सीएम धामी ने मृतकों के परिजनों के प्रति जताई संवेदना, दिए जांच के आदेश
उत्तराखंड : बस हादसे पर सीएम धामी ने मृतकों के परिजनों के प्रति जताई संवेदना, दिए जांच के आदेश

देहरादून, 17 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की एक यात्री बस हादसे का शिकार हो गई। इसमें 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

सीएम धामी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "आज सुबह एक बहुत ही दुखद हादसा हुआ। ऋषिकेश से जोशीमठ जा रही एक बस टिहरी जिले में गूलर घाटी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में कुछ लोगों की जान चली गई है। मैं दिवंगत आत्माओं के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनके परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। जो लोग घायल हुए हैं, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की भी मैं कामना करता हूं। घायलों और मृतकों के परिजनों को यथासंभव सहायता दी जाएगी। हादसे की जांच के भी निर्देश दे दिए गए हैं।"

गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप ने हादसे के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह एक दुखद घटना है। सुबह के समय विश्वनाथ सेवा की एक बस जोशीमठ जा रही थी, जो गूलर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जैसे ही सूचना मिली, चौकी की फोर्स तत्काल मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू शुरू कर दिया गया। दुर्भाग्य से इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है और 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल में शिफ्ट करके उनका इलाज शुरू कर दिया गया है।

आईजी ने बताया कि उन्होंने और एसपी ने अस्पताल में जाकर घायलों से बातचीत की है। अभी सभी घायल स्थिर हैं। घायलों के परिजनों और अन्य लोगों की जानकारी के लिए अस्पताल में हेल्पलाइन डेस्क शुरू कर दिया गया है। पुलिसकर्मी, अस्पताल के स्टाफ और अधिकारी वहां मौजूद हैं। घायलों को उचित स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही हैं। अगर किसी को और विशेषज्ञ इलाज की जरूरत होगी, तो उसके लिए भी डॉक्टरों से बात कर ली गई है।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों की मौत हुई है, उनकी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस की पूरी संवेदना मृतकों के परिजनों के साथ है। पुलिस ने सीओ स्तर के अधिकारियों को परिजनों की सहायता के लिए तैनात किया है। आगे की कार्रवाई चल रही है।

जांच को लेकर पूछे गए सवाल पर आईजी ने कहा कि अभी-अभी हादसा हुआ है। इसकी जांच की जाएगी। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके बारे में जानकारी दी जाएगी। अभी पूरा ध्यान घायलों के इलाज पर है और कानूनी प्रक्रिया भी साथ-साथ चल रही है।

उन्होंने बताया कि यह बस हरिद्वार से चली थी और जोशीमठ जा रही थी। इसमें अन्य राज्यों के लोग भी सवार थे। मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। उनकी पहचान कर उन्हें सूचना दी जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन अब पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन मिलकर मृतकों को उनके गृह राज्य भेजने की व्यवस्था करेंगे।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस

Share this story

Tags