Samachar Nama
×

तीसरे दिन भी लोकसभा व राज्यसभा में नहीं चल सकी प्रश्नकाल की कार्यवाही

तीसरे दिन भी लोकसभा व राज्यसभा में नहीं चल सकी प्रश्नकाल की कार्यवाही
तीसरे दिन भी लोकसभा व राज्यसभा में नहीं चल सकी प्रश्नकाल की कार्यवाही

नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। संसद के मानसून सत्र के तीसरे दिन यानी बुधवार को भी लोकसभा और राज्यसभा दोनों में प्रशनकाल की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई। दोनों सदनों में हुए हंगामे के कारण पहले लोकसभा में प्रश्न काल नहीं चल सका और फिर राज्यसभा में भी यही स्थिति बनी रही। यहां सदन की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही देर बाद लोकसभा व राज्यसभा में शोर व हंगामे के कारण कार्यवाही पहले 12 बजे और फिर दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

इस बीच विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद परिसर में काले कपड़े पहनकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।इस प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्ष के कई सांसद शामिल हुए। सांसदों ने काले कपड़े पहनकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया और ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ के नारे लगाए।

इससे पहले राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया। नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे ही अपनी बात रखने के लिए खड़े हुए, सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच शोर-शराबा बढ़ गया। वह बीते सोमवार को जंतर मंतर पर छात्रों पर हुई कार्रवाई पर बोल रहे थे। हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। 12 बजे सदन की करवाई पुन शुरू होने पर उपसभापति ने सभी सदस्यों से प्रश्नकाल चलने देने के अनुरोध किया। उन्होंने कहा की प्रश्नकाल के उत्तरों के लिए काफी मेहनत की जाती है। यह सभी लोगों से जुड़ा विषय है, प्रश्न काल चलने दिया जाए।

हालांकि सदन में हंगामा बरकरार रहा और कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा में भी कार्यवाही शुरू होते ही वहां भी विपक्षी सदस्य नारेबाजी करने लगे। कई सांसदों अपनी सीटों से उठकर आगे आ गए जिसके चलते सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी। लगातार व्यवधान के कारण लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।

दोपहर 12 बजे दोनों सदनों की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, लेकिन हंगामा थमने के बजाय और बढ़ गया। विपक्षी सांसद अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे, जिससे दोनों सदनों में कोई महत्वपूर्ण कामकाज नहीं हो सका। लगातार जारी गतिरोध को देखते हुए लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही एक बार फिर स्थगित कर दी गई। मानसून सत्र के दौरान लगातार तीसरे दिन हंगामे के कारण प्रश्नकाल, शून्यकाल और अन्य विधायी कार्य प्रभावित रहे। सरकार और विपक्ष के बीच जारी टकराव के चलते संसद का अधिकांश समय बाधित रहा।

--आईएएनएस

जीसीबी/पीएम

Share this story