नाबालिग ने अपने दोस्त के साथ मिलकर किया मां के ब्यॉयफ्रेंड का कत्ल, दर्दनाक हत्याकांड से दहली दिल्ली

पूर्वी जिले के गाजीपुर में एक नाबालिग ने अपने दोस्त के साथ मिलकर मां को गाली देने पर एक युवक की हत्या कर दी। मृतक की पहचान गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी निवासी राहुल सिंह बिष्ट (24) के रूप में हुई। दरअसल, राहुल उस महिला का दोस्त था और अक्सर उसके घर आता-जाता रहता था। रविवार शाम को वह शराब के नशे में धुत होकर आया और महिला के साथ दुर्व्यवहार करने लगा। महिला ने अपने नाबालिग बेटे से राहुल को घर छोड़ने को कहा, जिसके बाद उसने अपने एक अन्य दोस्त के साथ मिलकर उसके सिर पर ईंट से हमला कर दिया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी (ईस्ट) अभिषेक धानिया ने बताया कि राहुल बिष्ट मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल का रहने वाला था। वह खोड़ा में रहता था और इंद्रपुरम स्थित एक कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था। महिला भी राहुल के साथ काम करती थी। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हो गई। वह अक्सर महिला से फोन पर बात करता था और उसके घर भी जाता था। राहुल रविवार को नशे की हालत में दो-तीन बार महिला के घर गया और उसके साथ गाली-गलौज भी की। महिला के नाबालिग बेटे ने उसे कई बार भगाया। बेटा ट्यूशन गया तो शाम को राहुल फिर वहां आ गया।
जब मां ने राहुल को घर छोड़कर आने को कहा तो वह उसे अपने दोस्त के साथ बाइक पर लेकर चला गया। कोंडली स्थित स्मृति वन के पास उसने बाइक रोकी और उसके सिर पर ईंट से वार कर दिया। इससे राहुल बेहोश हो गया और उसे तालाब में धकेल दिया गया। सोमवार सुबह 7:38 बजे गाजीपुर पुलिस को एक शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने दस्तावेजों की मदद से मृतक की पहचान राहुल सिंह बिष्ट के रूप में की। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड के जरिए महिला तक पहुंची, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो गया। दोनों नाबालिगों को पकड़ लिया गया।