टीकाकरण के अगले दिन नवजात की मौत, आक्रोशित लोगों ने कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर दो घंटे तक लगाया जाम
डोमचांच (कोडरमा), 27 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच प्रखंड के महथाडीह आंगनबाड़ी केंद्र में टीकाकरण के अगले दिन एक माह आठ दिन के नवजात की मौत के बाद शुक्रवार को भारी बवाल हुआ।
आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने डोमचांच के शहीद चौक पर कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। अधिकारियों के निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया।
मृत नवजात की मां रूपा देवी और पिता पप्पू साव ने आंगनबाड़ी केंद्र की एएनएम रिंकी देवी पर टीकाकरण में लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि बच्चे को केवल बीसीजी का टीका लगाया जाना था, लेकिन एएनएम ने उसे एक साथ चार टीके लगा दिए।
मां रूपा देवी के अनुसार, उन्होंने बच्चे की कम उम्र का हवाला देते हुए एएनएम से केवल एक टीका लगाने का आग्रह किया था। उन्होंने बताया कि एएनएम ने उन्हें आश्वस्त किया कि चिंता की कोई बात नहीं है और इसके बाद बच्चे को चार टीके लगाए गए। परिजनों का आरोप है कि टीकाकरण के अगले दिन नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम है।
स्थानीय लोगों ने भी स्वास्थ्य विभाग से मामले की जांच और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। नवजात की मौत से आक्रोशित लोग संबंधित स्वास्थ्यकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुए सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
सूचना मिलने पर सीओ रविंद्र पांडेय, बीडीओ भोला पांडेय और थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत की तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच में लापरवाही सामने आने पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद करीब दो घंटे में जाम हटाया गया और सड़क पर वाहनों का परिचालन सामान्य हुआ। नवजात की मौत का टीकाकरण से सीधा संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि चिकित्सकीय जांच और स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी

