Samachar Nama
×

टीम के लिए रन बनाने और जीत में मदद करने पर हमेशा अच्छा लगता है: ईशान किशन

टीम के लिए रन बनाने और जीत में मदद करने पर हमेशा अच्छा लगता है: ईशान किशन
टीम के लिए रन बनाने और जीत में मदद करने पर हमेशा अच्छा लगता है: ईशान किशन

हरारे, 25 जुलाई (आईएएनएस)। भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 मुकाबला हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। भारतीय टीम ने 90 रनों के बड़े अंतर से मैच जीतकर 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। टीम इंडिया की इस जीत में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की विस्फोटक 81 रन की पारी का अहम योगदान रहा। किशन को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने जाने के बाद ईशान किशन ने कहा, "जब आप अपनी टीम के लिए रन बनाते हैं और बड़ा टोटल बनाने और जीतने में मदद करते हैं, तो बहुत अच्छा लगता है। मैं टीम के प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। मुझे लगता है कि हमने आज बहुत अच्छा किया।"

किशन ने कहा कि मुझे ऐसा नहीं लगा था कि ये ऐसा विकेट था, जहां जाकर आप 200 से ज्यादा रन बना सकते हैं। हमें लगा कि 180 के आसपास का कोई भी स्कोर अच्छा टोटल होगा। इसके लिए साझेदारी बनाना बहुत जरूरी था। नंबर तीन के बल्लेबाज के तौर पर एक बार जब आप सेट हो जाते हैं, तो आप बड़ी पारी खेलना चाहते हैं, ताकि टीम के लिए बड़ा स्कोर बनाने में मदद कर सकें।

ईशान भारत की तरफ से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए थे। किशन ने 44 गेंदों पर 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 81 रन की पारी खेली। किशन के अलावा तिलक वर्मा ने भी 29 गेंदों पर 5 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 60 रन बनाए थे। इन दोनों बल्लेबाजों की अर्धशतकीय पारियों की मदद से भारत ने 5 विकेट पर 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जिम्बाब्वे की टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई और 90 रन के बड़े अंतर से मैच हार गई।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story