Samachar Nama
×

टीम इंडिया को झटका, न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 से भी बाहर हुए ईशान किशन

टीम इंडिया को झटका, न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 से भी बाहर हुए ईशान किशन
टीम इंडिया को झटका, न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 से भी बाहर हुए ईशान किशन

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के खिलाफ मंगलवार (27 अक्टूबर) को होने वाले तीसरे टी20 मुकाबले से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। इंजरी के चलते दूसरा टी20 मिस करने के बाद ईशान किशन तीसरे टी20 में भी नहीं खेल पाएंगे।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ईशान किशन के तीसरे टी20 से बाहर होने की जानकारी दी है। बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "ईशान किशन अपनी दाहिनी जांघ की हल्की चोट (लो-ग्रेड एडक्टर स्ट्रेन) से अच्छी तरह उबर रहे हैं। उन्हें यह चोट न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले टी20 इंटरनेशनल मैच के दौरान लगी थी। वह अभी तक मैच खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं, इसलिए 27 अक्टूबर 2026 को वेलिंगटन में होने वाले तीसरे टी20 मैच से वह बाहर रहेंगे। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ईशान की रिकवरी पर नजर रख रही है। कुमार कुशाग्र तीसरे टी20 मैच के लिए भी टीम के साथ बने रहेंगे।"

गौरतलब है कि ईशान किशन की जगह दूसरे टी20 में वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था। वैभव को नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिए उतारा गया था, लेकिन उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। वैभव 8 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि, ईशान की गैरमौजूदगी में 15 वर्षीय वैभव को ही तीसरे टी20 में भी प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है।

दूसरे टी20 में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था। न्यूजीलैंड से मिले 181 रनों के लक्ष्य को टीम इंडिया ने 6 विकेट खोकर एक गेंद शेष रहते हुए हासिल कर लिया था। भारत की ओर से तिलक वर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 26 गेंदों में 51 रनों की आतिशी पारी खेली थी और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं, नमन धीर ने 17 गेंदों में 31 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाते हुए टीम को जीत दिलाई थी। पांच मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया 2-0 से आगे है।

--आईएएनएस

एसएम/एएस

Share this story