रांची : टाटा मोटर्स के सर्विस सेंटर में भीषण आग, कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त
रांची, 23 अगस्त (आईएएनएस)। रांची के सदर थाना क्षेत्र के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित टाटा मोटर्स के अधिकृत सर्विस सेंटर में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और परिसर में खड़ी कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद सर्विस सेंटर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, रविवार को सर्विस सेंटर के खुले परिसर और वर्कशॉप में कई गाड़ियां खड़ी थीं। इसी दौरान अचानक कुछ गाड़ियों से धुआं उठता दिखाई दिया। कर्मचारी जब तक मौके पर पहुंचकर स्थिति को समझ पाते, तब तक आग की लपटें तेज हो चुकी थीं। देखते ही देखते आग आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों तक भी फैल गई।
आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर सर्विस सेंटर के कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि, तब तक परिसर में खड़ी कई गाड़ियां जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं। आग की वजह से सर्विस सेंटर के उपकरणों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। इस सेंटर का संचालन बासुदेव मोटर कंपनी द्वारा किया जाता है। घटना के बाद पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आग किस वजह से लगी, इसकी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही आग के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है।
--आईएएनएस
एसएनसी/वीकेयू

