तमिलनाडु: तिरुपत्तूर जिले में एक कुएं से मिले दो बच्चों के शव, पुलिस ने मां और उसके प्रेमी को किया गिरफ्तार
तिरुपत्तूर, 6 सितंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के तिरुपत्तूर जिले से एक दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों को कुएं में फेंक दिया। फिलहाल, इस मामले में महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, तिरुपत्तूर जिले के वानियामबाड़ी क्षेत्र में एक पूर्व प्रशासनिक अधिकारी के खेत में बने कुएं से 30 अगस्त को दो बच्चों को शव मिले थे। जब वह पूर्व अधिकारी खेत पर पहुंचा था, तो पानी में शव तैर रहे थे। इसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कुएं से बच्चों के सड़े-गले शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए वानियामबाड़ी सरकारी अस्पताल भेजे। साथ ही, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच में पता चला कि तिरुवन्नामलाई जिले के जमुनामराथुर के वेलिचानूर गांव के रहने वाले एक व्यक्ति और उनकी पत्नी शिवगामी के दो बेटे थे, जिनके नाम प्रेमकुमार (5 साल) और प्रताप (2 साल) थे। व्यक्ति को 6 महीने पहले लाल चंदन की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया था, तब से वह जेल में था।
बाद में पत्नी शिवगामी अपने मायके लौट आई। इसके बाद उसकी जान-पहचान अथिपट्टू गांव के एक ड्राइवर राजा से हुई। वह शादीशुदा है और उसके 3 बच्चे हैं। शिवगामी और राजा के बीच संबंध बन गए जो बाद में अफेयर में बदल गए। कहा जाता है कि पिछले 6 महीने से अकेली रह रही शिवगामी फिर से गर्भवती हो गई थी।
अपने पति से हुए दो बेटों का क्या करे, यह समझ न आने पर पिछले महीने की 28 तारीख की सुबह वह अपने दोनों बेटों को बस से जमुनामारथुर से अलंगायम ले गई। उसने बस स्टैंड पर एक चाय की दुकान पर बच्चों चाय और बिस्कुट खिलाए। फिर उन्हें पेथुर इलाके में ले जाकर एक पूर्व प्रशासनिक अधिकारी के खेत में बने कुएं में फेंक दिया और वहां से चली गई।
दो-तीन दिन इधर-उधर भटकने के बाद उसने अपने प्रेमी राजा को इस बारे में बताया। इसके बाद, राजा ने तीन दिन तक शिवगामी को कहीं छिपाकर रखा। जब उसे पता चला कि पुलिस टीम अपराधी की तलाश कर रही है, तो उसने शिवगामी को उसकी मां के घर भेज दिया।
जब शिवगामी बिना बच्चों के घर लौटी, तो गांव वालों और रिश्तेदारों ने उससे बच्चों के बारे में पूछा। उसके अलग-अलग और उलझे हुए जवाब देने पर गांव के मुखिया के जरिए पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद, पुलिस ने शिवगामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसे अलंगायम पुलिस को सौंप दिया।
अलंगायम पुलिस की पूछताछ में शिवगामी ने अपने दोनों बेटों को कुएं में धकेलकर उनकी हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद, पुलिस ने शिवगामी और उसे पनाह देने वाले उसके प्रेमी राजा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को तिरुपत्तूर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
--आईएएनएस
डीसीएच/

