'तमिलनाडु की सीटें 39 से बढ़कर 59 हो सकती', एआईएडीएमके सांसद ने परिसीमन विधेयक का किया समर्थन
नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। लोकसभा सीटों में सभी राज्यों के लिए समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए एआईएडीएमके सांसद इंदबुरई ने तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व पर इसके संभावित प्रभाव को लेकर तर्क दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव के तहत तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 39 से बढ़कर लगभग 59 हो सकती हैं और राज्य का प्रतिनिधित्व प्रतिशत भी सुरक्षित रहने के साथ थोड़ा बढ़ सकता है।
एक्स पर पोस्ट में सांसद ने कहा कि यदि परिसीमन के तहत सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि की जाती है, तो तमिलनाडु का मौजूदा प्रतिनिधित्व हिस्सा 7.18 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 7.23 प्रतिशत हो सकता है। इससे राज्य की सीटों की संख्या 39 से बढ़कर करीब 59 हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि दूसरी ओर, यदि नए जनगणना आंकड़ों के आधार पर संविधान के अनुच्छेद 81 और 82 के तहत राज्यों की आबादी के अनुपात में परिसीमन किया जाता है, तो उत्तर प्रदेश समेत कई उत्तरी राज्यों का प्रतिनिधित्व बढ़ने की आशंका है, जिसका असर तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व हिस्से पर पड़ सकता है।
सांसद ने कहा कि इन जटिल संवैधानिक और आनुपातिक प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों को समझते हुए तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और एआईएडीएमके नेता ईपीएस ने शुरुआत से ही केंद्र सरकार के समान रूप से 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव का समर्थन किया है।
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा केवल भावनात्मक विरोध से नहीं, बल्कि दूरदर्शिता और परिपक्व राजनीतिक दृष्टिकोण वाले आंदोलन के जरिए की जा सकती है। इस संदर्भ में उन्होंने एआईएडीएमके की राजनीतिक रणनीति की सराहना की।
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा है कि सरकार 'नारी शक्ति' से किए गए वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा, "हमने अपनी 'नारी शक्ति' से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
इसके साथ उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर अपना पुराना वीडियो भी साझा किया। वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है और वह भी लंबे समय से इस प्रयास का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई महिलाओं ने इस मुद्दे को उनके सामने उठाया और पत्र लिखकर अपनी बात रखी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि देश की नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उनका हौसला बुलंद, हिम्मत अटूट और इरादा अडिग है।
पीएम मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में अधिक भागीदारी से नहीं रोक पाएंगी और इसके लिए केवल समय का इंतजार है।
--आईएएनएस
डीएससी

