तमिलनाडु चुनाव में टीवीके आगे, राहुल गांधी ने विजय को जीत की बधाई दी
नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में अब तक आए विधानसभा चुनाव के नतीजों से साफ हो गया है कि किस राज्य में किसकी सरकार बनने जा रही है? तमिलनाडु में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ने उतरी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने शानदार प्रदर्शन किया। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके की सरकार बनने जा रही है। इस बीच कांग्रेस सांसद ने उन्हें बधाई दी।
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि मैंने थिरु विजय से बात की और टीवीके के शानदार नतीजों के लिए उन्हें बधाई दी। यह जनादेश युवाओं की बढ़ती आवाज को दर्शाता है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और न ही किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि तमिलनाडु और पुडुचेरी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत और समर्थन के लिए मेरा तहे दिल से धन्यवाद। मैं फिर दोहराता हूं कि कांग्रेस पार्टी तमिलनाडु और पुडुचेरी के लोगों की रक्षा और सेवा करना जारी रखेगी।
वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि आज शाम लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव परिणामों के संबंध में ममता बनर्जी और थिरु एमके स्टालिन से बात की। उन्होंने टीवीके के प्रमुख थिरु विजय को भी पार्टी के प्रदर्शन पर बधाई दी।
पीडीपी की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "इस बात से तसल्ली मिलती है कि सी. विजय और टीवीके की शानदार जीत—जो दूसरे राज्यों से अलग है जहां लोगों ने क्षेत्रीय पार्टियों के बजाय भाजपा को चुना—यह दिखाती है कि तमिलनाडु ने किसी सांप्रदायिक और फूट डालने वाली पार्टी को चुनने के बजाय एक धर्मनिरपेक्ष और प्रगतिशील विकल्प को चुना है।
उन्होंने आगे कहा कि विजय को इस जबरदस्त शुरुआत के लिए बधाई। उम्मीद है कि वे सामाजिक न्याय, जाति-विरोधी राजनीति और समानता, गरिमा व समावेशी प्रगति की समृद्ध तमिल परंपरा के मूल्यों को बनाए रखने में अडिग रहेंगे।
बता दें कि चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों में से 107 सीटों पर टीवीके आगे है, जबकि 59 सीटों पर डीएके और 47 सीटों पर एडीएमके आगे है।
--आईएएनएस
डीकेपी/

