टी20 वर्ल्ड कप: वानखेडे़ में सैमसन का तूफान, भारत ने इंग्लैंड को दिया 254 रन का विशाल टारगेट
मुंबई, 5 मार्च (आईएएनएस)। संजू सैमसन की तूफानी पारी के दम पर भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल-2 में जीत के लिए 254 रन का टारगेट रखा है। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम 8 मार्च को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड से खिताब के लिए भिड़ेगी।
गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए। टीम को दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर अभिषेक शर्मा के रूप में बड़ा झटका लगा, जो 7 गेंदों में महज 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
यहां से संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 97 रन की साझेदारी करते हुए भारत को 117 के स्कोर तक पहुंचाया। ईशान 18 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 39 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सैमसन ने शिवम दुबे के साथ तीसरे विकेट के लिए 22 गेंदों में 43 रन जोड़कर टीम को 160 के स्कोर तक पहुंचाया। संजू सैमसन 42 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 89 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस बीच कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 11 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
दूसरे छोर पर शिवम दुबे ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने हार्दिक पंड्या के साथ 22 रन जोड़े, लेकिन रन लेते वक्त गलतफहमी के चलते दुबे को अपना विकेट गंवाना पड़ा, जो 25 गेंदों में 4 छक्कों और 1 चौके के साथ 43 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा ने अंतिम ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए भारत को 253/7 के स्कोर तक पहुंचा दिया। पंड्या ने 12 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 27 रन की पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 3 छक्कों के साथ 21 रन बनाए।
इंग्लैंड की तरफ से विल जैक्स और आदिल रशीद ने 2-2 विकेट निकाले, जबकि जोफ्रा आर्चर ने 1 विकेट अपने नाम किया। आर्चर ने 4 ओवरों में 61 रन लुटाए, जबकि सैम करन 4 ओवरों में 53 रन दे बैठे।
इस नॉकआउट मैच में भारत ने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है, जबकि इंग्लैंड की टीम ने रेहान की जगह जेमी ओवरटन को मौका दिया है।
भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर और आदिल रशीद।
--आईएएनएस
आरएसजी

