Samachar Nama
×

टी20 वर्ल्ड कप : पाकिस्तान और न्यूजीलैंड बीच सुपर 8 का पहला मैच, पिच, मौसम और हेड टू हेड आंकड़े पर नजर

नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 राउंड की शुरुआत पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच से होगी। यह मुकाबला शनिवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड ग्रुप स्टेज में खेले 4 मैचों में तीन जीत और एक हार के साथ सुपर-8 में पहुंची हैं।
टी20 वर्ल्ड कप : पाकिस्तान और न्यूजीलैंड बीच सुपर 8 का पहला मैच, पिच, मौसम और हेड टू हेड आंकड़े पर नजर

नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 राउंड की शुरुआत पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच से होगी। यह मुकाबला शनिवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड ग्रुप स्टेज में खेले 4 मैचों में तीन जीत और एक हार के साथ सुपर-8 में पहुंची हैं।

पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान का प्रदर्शन बल्ले से अब तक कमाल का रहा है। फरहान 4 मैचों में 164 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 220 रन बना चुके हैं। नामीबिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में फरहान ने शतकीय पारी खेली थी। हालांकि, पाकिस्तान के लिए समस्या यह रही है कि फरहान के अलावा टीम के अन्य बल्लेबाज टूर्नामेंट में अभी तक कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम को सैम अयूब, बाबर आजम और कप्तान सलमान आगा से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। पाकिस्तान को अगर न्यूजीलैंड के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण से पार पाना है, तो टीम के बल्लेबाजों को अधिक जिम्मेदारी के साथ खेलना होगा।

शादाब खान ने पहले दौर में बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया है। वहीं, उस्मान तारिक विकेट चटकाने के साथ-साथ काफी किफायती भी साबित हुए हैं। अधिक स्पिनर्स के साथ मैदान पर उतरने का फैसला पाकिस्तान के पक्ष में गया है।

दूसरी ओर, न्यूजीलैंड का प्रदर्शन ग्रुप स्टेज में दमदार रहा है। टिम साइफर्ट के बल्ले से रन निकल रहे हैं और वह टूर्नामेंट में टीम की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। सीफर्ट 4 मैचों में 173 रन बना चुके हैं। वहीं, कनाडा के खिलाफ 36 गेंदों में 76 रनों की धमाकेदार पारी खेलकर ग्लेन फिलिप्स भी फॉर्म में लौट चुके हैं।

मैट हेनरी और जैकब डफी की जोड़ी ने शुरुआती ओवर में बढ़िया गेंदबाजी की है। आर प्रेमदासा के मैदान पर मिचेल सैंटनर पाकिस्तान के बल्लेबाजों की अग्निपरीक्षा ले सकते हैं।

आर. प्रेमदासा की पिच आमतौर पर धीमी रहती है। यहां पर स्पिनर्स को पिच से अच्छी खासी मदद मिलती है और गेंद थोड़ा फंसकर बल्ले पर आती है। यही कारण है कि कोलंबो के इस मैदान पर ज्यादा बड़े स्कोर नहीं लगते हैं। इस मैदान पर पहली पारी में औसतन स्कोर 144 रन रहा है, जबकि दूसरी इनिंग का औसत स्कोर 129 रन है।

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच पर बारिश का खतरा है। मैच के समय मैदान के चारों ओर काले बादल छाए रहने की संभावना है। बारिश की संभावना लगभग 75 प्रतिशत है।

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 इंटरनेशनल में अब तक कुल 49 मैच खेले गए हैं। पाकिस्तान ने 24 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि न्यूजीलैंड ने 23 मैचों में जीत दर्ज की है। इस तरह दोनों टीमों के बीच होने वाले सुपर-8 के मैच में कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।

--आईएएनएस

शुभम/पीएके

Share this story

Tags