Samachar Nama
×

टी20 वर्ल्ड कप: साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से रौंदा, कप्तान मार्करम ने खेली धमाकेदार पारी

अहमदाबाद, 26 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से रौंदा। गुरुवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज से मिले 177 रनों के लक्ष्य को साउथ अफ्रीका ने सिर्फ एक विकेट खोकर 16.1 ओवर में हासिल कर लिया।
टी20 वर्ल्ड कप: साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से रौंदा, कप्तान मार्करम ने खेली धमाकेदार पारी

अहमदाबाद, 26 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से रौंदा। गुरुवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज से मिले 177 रनों के लक्ष्य को साउथ अफ्रीका ने सिर्फ एक विकेट खोकर 16.1 ओवर में हासिल कर लिया।

वेस्टइंडीज से मिले 177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम को कप्तान एडेन मार्करम और क्विंटन डी कॉक ने तूफानी शुरुआत दी। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने मिलकर पहले विकेट के लिए सिर्फ 48 गेंदों में 95 रन जोड़े। डी कॉक 24 गेंदों में 47 रनों की दमदार पारी खेलने के बाद रोस्टन चेज का शिकार बने।

हालांकि, इसके बाद मार्करम को रयान रिकेल्टन के रूप में एक और अच्छा जोड़ीदार मिला। रिकेल्टन-मार्करम ने दूसरे विकेट के लिए 49 गेंदों में 82 रनों की अटूट साझेदारी निभाई। मार्करम 46 गेंदों में 82 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि रिकेल्टन ने 28 गेंदों में 45 रन बनाए और टीम को जीत दिलाकर लौटे। मार्करम ने अपनी धमाकेदार पारी में 7 चौके और 4 छक्के लगाए। वेस्टइंडीज की तरफ से एकमात्र विकेट रोस्टन चेज ने लिया।

इससे पहले वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 176 रन लगाए। टीम की तरफ से रोमारियो शेफर्ड ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 37 गेंदों में 52 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं, जेसन होल्डर ने 31 गेंदों में 49 रन बनाए। हालांकि, होल्डर-शेफर्ड के अलावा टीम के अन्य बल्लेबाज रनों के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए।

कप्तान शाई होप 6 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ब्रैंडन किंग ने 21 रनों का योगदान दिया। टूर्नामेंट में लगातार रन बना रहे शिमरोन हेटमायर को महज 2 रनों के स्कोर पर कगिसो रबाडा ने पवेलियन भेजा।

रोवमैन पॉवेल भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 9 रन ही बना सके। रोस्टन चेज 2 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शेरफेन रदरफोर्ड 12 रन बनाकर कॉर्बिन बॉश का शिकार बने। एक समय पर वेस्टइंडीज 83 के स्कोर पर 7 विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही थी। हालांकि, होल्डर और शेफर्ड ने 89 रनों की अहम साझेदारी निभाई, जिसके बूते कैरेबियाई टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।

साउथ अफ्रीका की तरफ से गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी ने 4 ओवर में महज 30 रन खर्च करते हुए 3 विकेट निकाले। वहीं, कगिसो रबाडा और कॉर्बिन बॉश ने दो-दो विकेट चटकाए। साउथ अफ्रीका की यह सुपर-8 राउंड में लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले टीम ने भारत को 76 रनों से हराया था।

साउथ अफ्रीका सुपर-8 ग्रुप एक में पहले स्थान पर पहुंच गई है और टीम का नेट रन रेट +2.890 हो गया है। साउथ अफ्रीका की बड़ी जीत से टीम इंडिया को भी फायदा पहुंचा है। भारतीय टीम को अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने बचे हुए दोनों मैच जीतने होंगे। वेस्टइंडीज की करारी हार के बाद नेट रन रेट का दबाव सूर्या की सेना के ऊपर से हट गया है।

--आईएएनएस

एसएम/आरएसजी

Share this story

Tags