टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका का रिकॉर्ड, दर्ज की विकेटों के लिहाज से दूसरी बड़ी जीत
अहमदाबाद, 26 फरवरी (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका ने गुरुवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए सुपर-8 मैच में वेस्टइंडीज को 9 विकेट से रौंदकर बड़ा रिकॉर्ड बनाया है।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने खराब शुरुआत के बावजूद 8 विकेट खोकर 176 रन बनाए। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने 16.1 ओवरों में महज 1 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। यह टी20 वर्ल्ड कप में 150 से ज्यादा रनों का पीछा करते हुए दूसरी सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड भी है।
टी20 वर्ल्ड कप में 150 से ज्यादा रनों का पीछा करते हुए तीन टीमों ने 10 विकेट से जीत हासिल की है। साल 2021 में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ दुबई के मैदान पर 10 विकेट से मैच अपने नाम किया था, जबकि इंग्लैंड ने साल 2022 में एडिलेड में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप मैच को 10 विकेट से जीता था। न्यूजीलैंड की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में चेन्नई के मैदान पर यूएई को 10 विकेट के अंतर से रौंद चुकी है।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 8 विकेट खोकर 176 रन बनाए। इस टीम ने 83 के स्कोर तक अपने 7 विकेट खो दिए थे।
यहां से जेसन होल्डर ने रोमारियो शेफर्ड के साथ आठवें विकेट के लिए 57 गेंदों में 89 रन की साझेदारी करते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया।
होल्डर 31 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 49 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शेफर्ड ने 37 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों के साथ 52 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से लुंगी एनगिडी ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि कगिसो रबाडा और कॉर्बिन बॉश ने 2-2 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने 16.1 ओवरों में मैच अपने नाम कर लिया। कप्तान एडेन मार्करम ने क्विंटन डी कॉक के साथ 8 ओवरों में 95 रन की साझेदारी की। क्विंटन 24 गेंदों में 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 47 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद मार्करम ने रयान रिकेल्टन के साथ दूसरे विकेट के लिए 82 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई।
कप्तान मार्करम 46 गेंदों में 82 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी इस पारी में 4 छक्के और 7 चौके शामिल थे, जबकि 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ रिकेल्टन ने 45 रन की नाबाद पारी खेली। वेस्टइंडीज की तरफ से एकमात्र सफलता रोस्टन चेज के हाथ लगी।
--आईएएनएस
आरएसजी

