Samachar Nama
×

टी20 वर्ल्ड कप: मार्करम का तूफानी अर्धशतक, कनाडा पर जीत के साथ साउथ अफ्रीका का अभियान शुरू

अहमदाबाद, 9 फरवरी (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। इस टीम ने सोमवार को कनाडा के विरुद्ध नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 57 रन से जीत दर्ज की।
टी20 वर्ल्ड कप: मार्करम का तूफानी अर्धशतक, कनाडा पर जीत के साथ साउथ अफ्रीका का अभियान शुरू

अहमदाबाद, 9 फरवरी (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। इस टीम ने सोमवार को कनाडा के विरुद्ध नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 57 रन से जीत दर्ज की।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने 4 विकेट खोकर 213 रन बनाए। इस टीम को क्विंटन डी कॉक और कप्तान एडेन मार्करम की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 6.5 ओवरों में 70 रन की साझेदारी की।

क्विंटन डी कॉक 22 गेंदों में 2 चौकों के साथ 25 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद रयान रिकेल्टन ने मार्करम के साथ दूसरे विकेट के लिए 28 गेंदों में 56 रन जोड़े। मार्करम 1 छक्के और 10 चौकों के साथ 59 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रिकेल्टन ने 21 गेंदों में 33 रन की पारी खेली।

यह टीम 138 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो चुकी थी, जिसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 34) ने डेविड मिलर (नाबाद 39) के साथ 37 गेंदों में 75 रन जोड़ते हुए टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। विपक्षी खेमे से अंश पटेल ने 3 विकेट निकाले, जबकि एक विकेट दिलप्रीत सिंह के हाथ लगा।

इसके जवाब में कनाडा की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 156 रन ही बना सकी। इस टीम ने पहली ही गेंद पर कप्तान दिलप्रीत बाजवा (0) का विकेट खो दिया था।

नवनीत धालीवाल तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, लेकिन दूसरे छोर पर तेजी से विकेट गिरते रहे। आलम ये रहा कि कनाडा ने 45 के स्कोर तक अपना चौथा विकेट भी खो दिया।

यहां से धालीवाल ने हर्ष ठाकर के साथ पांचवें विकेट के लिए 52 गेंदों में 69 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 100 के पार पहुंचा दिया। हर्ष 29 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुए, जबकि धालीवाल ने 49 गेंदों में 1 छक्का और 7 चौकों के साथ 64 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत के करीब नहीं लेकर जा सके।

साउथ अफ्रीका की तरफ से लुंगी नगिडी ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि मार्को जानसेन ने 2 विकेट निकाले। एक-एक विकेट रबाडा और कॉर्बिन बॉश के हाथ लगा।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags