टी20 विश्व कपः भारत की जीत के लिए काशी में क्रिकेट प्रेमियों ने किया हवन-पूजन
वाराणसी, 8 मार्च (आईएएनएस)। टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैच को लेकर भारत के हर कोने में उत्साह है और लोग जीत के लिए दुआएं-प्रार्थना कर रहे हैं। इसी कड़ी में धर्मनगरी काशी में टी20 विश्व कप के फाइनल से पहले क्रिकेट प्रेमियों ने भारतीय टीम की जीत के लिए अस्सी घाट पर हवन कर प्रार्थना की। इस दौरान क्रिकेट प्रेमी हाथों में तिरंगा झंडा लेकर पहुंचे थे।
एक क्रिकेट प्रशंसक ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच बड़ा मैच है। भारतीय टीम अच्छा खेले, इसके लिए अस्सी घाट पर विशेष हवन और प्रार्थना की ताकि हमारी टीम विश्व कप जीते। हम लोगों ने प्रार्थना की कि भारतीय टीम के बल्लेबाज और बॉलर अच्छा प्रदर्शन करें और विश्व कप घर लाएं।"
दूसरे क्रिकेट प्रेमी ने कहा, " भारतीय टीम इस बार बहुत अच्छा खेल रही है। मैं चाहता हूं कि भारत इसी तरह खेलता रहे। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हमारे खिलाड़ी इस समय अच्छी फॉर्म में हैं। हम लोगों ने भारतीय टीम के खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने और जीत के लिए हवन-पूजन किया है। "
वहीं, एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले खिताबी मुकाबले में बारिश होने की आशंका न के बराबर है। मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद जताई जा रही है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
भारतीय टीमः अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव।
न्यूजीलैंड टीमः टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैककोन्ची, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, डेवोन कॉन्वे, काइल जैमीसन, ईश सोढ़ी, जैकब डफी।
--आईएएनएस
ओपी/एएस

